मोदी सरकार के मिशन स्वच्छ भारत अभियान के तहत हर घर में शौचालय बनाए जा रहे हैं, लेकिन वहीं मध्यप्रदेश के शिवपुरी जिले में शौचालय का उपयोग ऐसे काम में किया जा रहा है कि देखने वाला कोई भी व्यक्ति हैरान हो जाए. यहां आंगनवाड़ी के बच्चों के लिए भोजन को शौचालय में बनाया जाता है.
शौचालय का रसोई के तौर पर उपयोग किए जाने का यह एक नया मामला है. शिवपुरी जिले के करैरा विकासखंड में है सिलानगर पोखर में एक आंगनवाड़ी केंद्र में बच्चों का खाना बनाने के लिए रसोई का स्थान नहीं होने पर नया तरीका खोज निकाला गया और शौचालय को ही रसोईघर में बदल दिया गया. बच्चों के लिए इसी शौचालय में नियमित तौर पर भोजन पकता है और बच्चों को परोसा जाता है.
आंगनवाड़ी केंद्र की कार्यकर्ता राजकुमारी योगी ने बताया कि यह बात सही है कि यहां पर शौचालय के एक हिस्से में खाना पकाया जाता है, क्योंकि उनके पास खाना बनाने के लिए अलग से कोई जगह उपलब्ध नहीं है. उनका कहना है कि वे समूह से कई बार इस बारे में बात करचुकी हैं कि खाना बनाने के लिए अन्य स्थान की व्यवस्था कराएं, मगर ऐसा नहीं हो पाया इसलिए मजबूरी में उन्हें शौचालय भवन का इस्तेमाल रसोई की तरह करना पड़ रहा है.