संसद के बजट सत्र के दौरान आज एनआईए बिल को लोकसभा में पेश किया गया. इस बिल पर जब भाजपा सांसद सत्यपाल सिंह बोल रहे थे तब एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी बार-बार बीच में कुछ न कुछ टिप्पणी कर रहे थे. असदुद्दीन ओवैसी को इसके लिए लोकसभा स्पीकर और सत्यपाल सिंह की तरफ से मना भी किया गया लेकिन उन्होंने बीच-बीच में बोलना जारी रखा. जिससे नाराज अमित शाह ने असदुद्दीन ओवैसी को सत्यपाल सिंह का भाषण ध्यान से सुनने के लिए कहा. हालांकि इसी दौरान ओवैसी बीच में अमित शाह के बयान के बीच भी टीका-टिप्पणी करने लगे. जिसके बाद शाह ने कहा कि आपको सुनने की आदत डालनी होगी.
गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि जब कोई और बोलता है तो आप चुप रहकर सुनते हैं लेकिन जब सत्यपाल सिंह बोल रहे हैं तो आप लगातार बीच में बोल रहे हैं. आपको सुनने की आदत डालनी होगी. गृहमंत्री के इस बयान पर पलटवार करते हुए ओवैसी ने कहा कि मुझे डर लगता है. तब अमित शाह ने जवाब दिया किअगर आपके अंदर डर बैठा है तो हम क्या कर सकते हैं
मुंबई पुलिस के पूर्व कमिश्नर और भाजपा सांसद सत्यपाल सिंह ने चर्चा के दौरान कहा कि आतंकवाद इसलिए फल-फूल रहा है क्योंकि हम उसे राजनीतिक चश्मे से देखते हैं जबकि हमें उससे मिलकर लड़ना चाहिए उन्होंने यह भी कहा कि मुंबई ने आतंकवाद को खूब झेला है क्योंकि वहां भी इसे राजनीतिक आईने में देखा गया.