गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने शुक्रवार को दावा किया कि पश्चिम बंगाल में भगवा लहर है और भाजपा राज्य की सभी 42लोकसभा सीटों पर जीत दर्ज करेगी।
सिंह ने कहा कि इससे मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और उनकी पार्टी तृणमूल कांग्रेस इतनी परेशान हो गई है कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के फोन तक का जवाब नहीं दे रही हैं।
भाजपा के वरिष्ठ नेता सिंह ने पूर्वी मिदनापुर जिले के कांथी में एक रैली में कहा, भाजपा की लहर के कारण दीदी (बनर्जी) इतनी तनाव में हैं कि वह प्रधानमंत्री द्वारा की गई कॉल भी नहीं उठाती हैं।
उन्होंने कहा, पूरा देश महसूस कर सकता है कि यह लहर पूरे बंगाल में फैल रही है और पार्टी राज्य की हर लोकसभा सीट पर जीत का झंडा फहराएगी।
कांथी में 12मई को लोकसभा चुनाव के छठे चरण में मतदान होगा।
भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने हाल ही में एक चुनावी रैली में कहा था कि पार्टी पश्चिम बंगाल में 23से अधिक लोकसभा सीटें जीतेगी।
सिंह ने यह भी आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री बनने से पहले बनर्जी ने जो वादे किए थे, उन्हें निभाने में वह विफल रहीं हैं।
भाषा