इनेलो ने हरियाणा की छह सीटों पर उम्मीदवारों का ऐलान किया

इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने बुधवार को हरियाणा की 10में से छह लोकसभा सीटों पर उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया। पार्टी ने सिरसा से मौजूदा सांसद चरणजीत सिंह रोड़ी को फिर से टिकट दिया है।

इनेलो के वरिष्ठ नेता अभय चौटाला ने कहा कि बाकी चार सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा शुक्रवार को की जाएगी।

अभय चौटाला ने बताया कि यमुनानगर के पूर्व उप महापौर रामपाल बाल्मिकी अंबाला आरक्षित सीट से चुनाव लड़ेंगे जबकि पार्टी ने करनाल से असंध धर्मवीर पाडा को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं युवा नेता सुरिंदर छिकारा सोनीपत से, सुरेश कोठ हिसार से और पार्टी सचिव महेंद्र सिंह चौहान फरीदाबाद से प्रत्याशी होंगे।

उन्होंने कहा कि कुरूक्षेत्र, रोहतक, भिवानी-महेंद्रगढ़ और गुड़गांव सीटों के लिए उम्मीदवारों का ऐलान शुक्रवार को किया जाएगा।

इनेलो नेता ने बताया कि वरिष्ठ नेता अशोक अरोड़ा और रामपाल माजरा को जेल में बंद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी ओम प्रकाश चौटाला से सलाह-मशविरा करने का काम सौंपा गया है।

अभय चौटाला ने कहा कि शेष चार में से एक सीट से किसी महिला को टिकट दिया जाएगा।

हरियाणा में भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि लोग कथित कुशासन से ऊब चुके हैं।

उनसे जननायक जनता पार्टी (जेजेपी) और आम आदमी पार्टी (आप) के बीच गठबंधन और हरियाणा की सभी 10सीटों चुनाव लड़ने के बारे में पूछा गया तो अभय चौटाला ने दावा किया कि लोग इस गठबंधन को स्वीकार नहीं करेंगे।

उन्होंने कहा कि गठबंधन का मकसद उनके पिता और इनेलो के अध्यक्ष ओम प्रकाश चौटाला को जेल में रखना है ताकि वह राज्य में प्रचार नहीं कर सकें।

ओम प्रकाश चौटाला और उनके बेटे अजय चौटाला शिक्षक भर्ती घोटाले में जेल की सजा काट रहे हैं।

अभय चौटाला ने आरोप लगाया कि जेजेपी नेता दुष्यंत चौटाला और दिग्विजय चौटाला दिल्ली में सत्तारूढ़ आप के साथ अपने प्रभाव का इस्तेमाल इनेलो के अध्यक्ष को जेल में रखने के लिए कर रहे हैं जबकि अजय चौटाला को जेल से बाहर आने की इजाजत दे दी गई है ताकि वह जेजेपी-आप के लिए प्रचार कर सकें।

अजय चौटाला सोमवार को 21दिन की फर्लो पर तिहाड़ जेल से बाहर आए हैं।

अभय चौटाला और अजय चौटाला के बीच पार्टी में वर्चस्व की लड़ाई गहराने के बाद पूर्व उपप्रधानमंत्री देवी लाल द्वारा गठित इनेलो में विभाजन हो गया था और दिसंबर 2018में जेजेपी अस्तित्व में आई।

भाषा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *