केन्द्र सरकार किसानों की आय दोगुनी करने के वादे में नाकाम रही : गहलोत

राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि केन्द्र की भाजपा सरकार किसानों की आय दोगुनी करने और 100 स्मार्ट सिटी बनाने के वादों को पूरा करने में नाकाम रही है।

गहलोत ने सोमवार को प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से प्रतापगढ़ के अरनोद, बांसवाड़ा के विधानसभा क्षेत्र बागीदौरा तथा उदयपुर के विधानसभा क्षेत्र गोगून्दा में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार ने वादा किया था कि किसानों की आमदनी दोगुनी की जाएगी, सौ स्मार्ट सिटी बनाए जाएंगे लेकिन ना तो अब तक कोई स्मार्ट सिटी बनी और ना ही किसानों की आमदनी दोगुनी हुई है।

उन्होंने कहा कि इस वक्त जो सबसे बड़ा वर्ग मोदी सरकार के खिलाफ है, वह किसान वर्ग है। अब तो व्यापारी वर्ग भी जीएसटी, नोटबंदी के कारण मोदी सरकार से दु:खी हो गया है।

उन्होंने कहा कि आज देश में भय का माहौल व्याप्त है। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने गरीबी उन्मूलन के लिए न्याय योजना का प्रस्ताव देश के सामने रखा है जिसमें गरीबों को सालभर में 72000 रुपये देकर आर्थिक रूप से मजबूत बनाने का वादा किया गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार का मानना था कि नोटबंदी से नक्सलवाद, आतंकवाद, कालाधन खत्म होगा पर ऐसा कुछ भी नहीं हुआ तथा सारा कालाधन बैंक में वापस जमा हो गया।

उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार द्वारा मनरेगा में 9 लाख मजदूर से बढ़ाकर 25 लाख मजदूर कर दिये गये हैं जबकि भाजपा मनरेगा को बर्बाद कर देना चाहती थी।

इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सचिन पायलट ने केन्द्र सरकार पर भगवान, गाय और धर्म के नाम पर देश को बांटने का आरोप लगाया।

उन्होंने कहा कि भाषणों तथा प्रोपेगेंडा से देश का विकास नहीं होता, जरूरत इस बात की है कि देश में लोकतंत्र तथा भाईचारा कायम रहे। भाषण वाले लोगों से सतर्क रहें तथा हमेशा की तरह कांग्रेस का साथ दें।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष युवाओं को रोजगार देने, भ्रष्टाचार को खत्म करने और गरीबी उन्मूलन की बात करते हैं लेकिन मोदी जी इस तरह की कोई बात नहीं करना चाहते।

उन्होंने कहा कि राज्य में 19 हजार करोड़ रूपये के किसानों के कर्ज माफ किये गये हैं।

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं राजस्थान प्रभारी अविनाश पाण्डे ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा सरकार की कार्यशैली से पूरी तरह से निराश व त्रस्त थी और कांग्रेस द्वारा विपक्ष के रूप में जनहित के लिए किये गये संघर्ष से जनता का कांग्रेस में विश्वास बढ़ा, इसलिए आप सभी ने प्रदेश के चुनावों में कांग्रेस को विजयी बनाया।

उन्होंने कहा कि विगत दो महीने से राज्य के मुख्यमंत्री सहित मंत्रीमण्डल के समस्त सदस्य लगातार जन सुनवाई कर रहे हैं जिससे अनेकों योजनाओं में जनहित के फैसले लेकर जनता को राहत दी गई है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार कल्याणकारी सरकार है। राज्य सरकार तभी मजबूत होगी जब केन्द्र में कांग्रेस की सरकार बनेगी।

(भाषा)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *