फिल्म अभिनेता व राजनेता शत्रुध्न सिन्हा बीजेपी को छोड़कर कांग्रेस का हाथ थाम लिया जिसके बाद उनकी बेटी सोनाक्षी सिन्हा भी अपने पिता के समर्थन में खुलकर सामने आ गई हैं. दरअसल, उन्होंने अपने पिता शत्रुघ्न सिन्हा के कांग्रेस ज्वॉइन करने को लेकर बड़ा बयान दिया है.
सोनाक्षी सिन्हा अपने पिता के कांग्रेस ज्वाइन करने से काफी खुश हैं. उनके अनुसार, अब उनके पिता बिना किसी दबाव के बेहतर तरीके से काम कर पाएंगे. सोनाक्षी ने कहा कि मेरे पिता को यह निर्णय काफी पहले ले लेना चाहिए था. सोनाक्षी ने कहा-
अगर आप किसी जगह खुश नहीं है तो उस जगह को छोड़ देना ही बेहतर है. मैं उम्मीद करती हूं वो कांग्रेस ज्वाइन करके जनता के लिए ज्यादा अच्छा काम कर पाएंगे और किसी के दबाव में भी नहीं रहेंगे.
आपको बता दें, शत्रुघ्न सिन्हा काफी लंबे समय तक बीजेपी के साथ जुड़े रहे, लेकिन बुधवार को उन्होंने बीजेपी छोड़ने का ऐलान कर दिया था. इस पर सोनाक्षी ने कहा-
मेरे पिता वरिष्ठ नेता हैं. वो बीजेपी के साथ शुरू से जुड़े हुए थे. उन्होंने जयप्रकाश नारायण से लेकर अटल बिहारी वाजपेयी जी के साथ काम किया है. मेरे पिता की पार्टी के अंदर बहुत इज्जत थी. पार्टी में एक ऐसी लॉबी है जिसको लंबे समय से सम्मान नहीं दिया जा रहा था. उनको सिर्फ नजरअंदाज किया जा रहा था. मेरे अनुसार ये पार्टी छोड़ने का बिल्कुल ठीक समय था. लेकिन फिर भी मेरे पिता ने ये निर्णय देर से लिया है. उन्हें ये फैसला काफी पहले ले लेना चाहिए था.
बता दें, शत्रुघ्न सिन्हा दो बार से बिहार की पटना साहिब सीट से सांसद रहे हैं. लेकिन उनके बागी तेवर के चलते इस बार इस सीट से लड़ने का मौका नहीं दिया गया. अब वो कांग्रेस की तरफ से पटना साहिब से चुनाव लड़ सकते हैं.