(भाषा) जम्मू कश्मीर में कांग्रेस और नेशनल कॉन्फ्रेंस ने बधुवार को लोकसभा चुनाव के लिए अपने गठबंधन का ऐलान किया। वे क्रमश: दो और एक सीट पर लड़ेंगे जबकि,तीन सीटों पर दोस्ताना मुकाबला करेंगे.
कांग्रेस नेता गुलाम नबी आजाद और नेशनल कॉन्फ्रेंस प्रमुख फारूक अब्दुल्ला ने यहां संयुक्त संवाददाता सम्मेलन में कहा कि कांग्रेस जम्मू और उधमपुर सीट पर लड़ेगी जबकि नेशनल कॉन्फ्रेंस श्रीनगर सीट पर लड़ेगी.
अब्दुल्ला ने कहा कि इन तीन सीटों के अलावा दोनों पार्टियां अनंतनाग और बारामूला और लद्दाख सीट पर दोस्ताना मुकाबला करेंगी.
उन्होंने कहा, मैं श्रीनगर सीट से चुनाव लड़ूंगा.हमने कुछ दिया है और कुछ लिया है. इसलिए किसी को भी यह भ्रम नहीं होना चाहिए कि बातचीत के दौरान एक पार्टी जीती है या दूसरी हारी है.
आजाद ने कहा कि दोस्ताना मुकाबले का मतलब यह है कि हम एक-दूसरे के खिलाफ तल्खी नहीं दिखाएंगे और प्रतिद्वंद्वियों को शिकस्त देने के लिए संयुक्त प्रयास करेंगे. भले ही नेशनल कॉन्फ्रेंस जीते या हम, इससे कोई फर्क नहीं पड़ेगा.
आपको बता दें, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गुलाम अहमद मीर और कांग्रेस महासचिव अंबिका सोनी भी संवाददाता सम्मेलन में मौजूद थी.