अरुणाचल प्रदेश में बीजेपी को झटका, 14 विधायक पार्टी छोड़कर NPP में हुए शामिल

लोकसभा चुनाव से पहले बीजेपी को पूर्वोत्तर राज्य अरुणाचल में बड़ा झटका लगा है. सत्ताधारी बीजेपी के 2 मंत्रियों समेत कुल 14 नेताओं ने पार्टी छोड़कर NPP यानी नेशनल पीपुल्स पार्टी में शामिल हो गए हैं. इनमें राज्य के गृहमंत्री कुमार वाई, पर्यटन मंत्री जारकर गामलिन और राज्य ईकाई के पूर्व अध्यक्ष जारपुम गामलिन हैं.

फिलहाल बीजेपी के पेमा खांडू अरूणाचल के मुख्यमंत्री हैं. इस साल अरुणाचल प्रदेश में लोकसभा और विधानसभा चुनाव एक साथ 11 अप्रैल को होने हैं, उससे पहले एक साथ पार्टी के 12 विधायकों के NPP में शामिल होने से बीजेपी मुश्किल में पड़ गई है. बीजेपी हाल ही में अरुणाचल में होने वाले विधानसभा चुनावों के लिए 54 उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया था. बता दें कि राज्य में कुल 60 विधानसभा सीटें हैं.

सोमवार को जारपुम गामलिन ने बीजेपी की अरुणाचल इकाई के अध्यक्ष तापिर गाओ को अपना इस्तीफा भेजा था. वह सोमवार सुबह से ही गुवाहाटी में हैं, जहां मेघालय के मुख्यमंत्री कोनराड संगमा ने उनसे मुलाकात की. एनपीपी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, जारपुम, जारकर, कुमार वाई और बीजेपी के 12 मौजूदा विधायकों ने एनपीपी महासचिव थामस संगमा से मंगलवार को मुलाकात की और एनपीपी में शामिल होने का फैसला किया.

इस बीच, एनपीपी ने पूर्वोत्तर राज्यों की सभी 25 संसदीय सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारने का फैसला किया है. पार्टी ने मेघालय के उम्मीदवारों की लिस्ट जारी कर दी है. साल 2014 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी को 48, एनपीपी को 4 और कांग्रेस को 6 सीटों पर जीत मिली थी. इसके अलावा 2 सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में गईं थीं. वर्तमान में बीजेपी के पेमा खांडू राज्य के मुख्यमंत्री हैं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *