भाजपा की दिल्ली इकाई ने मंगलवार को आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी गाय का राजनीतिकरण करके सांप्रदायिक तनाव भड़काने की कोशिश कर रही है. और इसलिए वह इस बात की शिकायत चुनाव आयोग से करेगी.
भाजपा की यह प्रतिक्रिया आप पार्टी के लोकसभा प्रत्याशी राघव चड्ढा के उसके ट्वीट के बाद आई है जिसमें उन्होंने एक गाय और बछड़े के एक घर के दरवाजे पर खड़े होने का फोटो ट्वीट करके नीचे लिखा है भाजपा का घर घर अभियान.
Door to door campaigning by BJP pic.twitter.com/nUOWAAwVL8 Raghav Chadha (@raghav_chadha) March 15, 2019
दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता ने कहा कि इसे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लाइक किया है.
उन्होंने संवादाताओं से कहा कि निर्वाचन आयोग से समय मांगा गया है और वे उन्हें बतायेंगे कि किस तरह आप पार्टी गाय का राजनीतिकरण कर रही है जो कि देश में समरसता का प्रतीक है. ऐसा करके वह देश में सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की कोशिश कर रही है.
उन्होंने कहा कि यह ट्वीट आदर्श चुनाव संहिता का उल्लंघन है और दिल्ली भाजपा बुधवार को इसकी शिकायत चुनाव आयोग में करेगी.
भाजपा सांसद रमेश बिधूड़ी ने बताया कि गोविंदपुरी, पुल प्रह्नादपुर और संगम विहार थानों में आप पार्टी के खिलाफ सांप्रदायिक तनाव भड़काने की शिकायत दे दी गई है.
(भाषा)