झारखंड में भाजपा और आज्सू साथ मिलकर लड़ेंगी चुनाव

झारखंड में भाजपा और सत्तारूढ़ गठबंधन के सहयोगी दल आज्सू ने रविवार को कहा कि वे लोकसभा चुनाव एक साथ मिलकर लड़ेंगे।

भगवा पार्टी 13 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और आज्सू गिरीडीह सीट से अपना प्रत्याशी उतारेगी।

भाजपा के प्रदेश महासचिव दीपक प्रकाश ने पीटीआई-भाषा से कहा, भाजपा और आज्सू पार्टी 19 साल पहले झारखंड के निर्माण के बाद से ही विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ती रही हैं। यह पहली बार है कि हम आम चुनाव में भी साथ मिलकर लड़ रहे हैं।

उन्होंने कहा, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फिर से सत्ता में लाने के उद्देश्य से झारखंड में राजग गठबंधन बना है। यही समय की मांग है।

यह पूछे जाने पर कि भाजपा उम्मीदवारों की सूची कब जारी करेगी, प्रकाश ने कहा कि संसदीय बोर्ड इस पर फैसला लेगा।

आज्सू अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने पीटीआई-भाषा से कहा कि दोनों पार्टी सभी 14 सीटों पर जीतने के लिए मिलकर काम करेंगी।

महतो ने कहा, जब भी भाजपा चाहेगी मैं प्रचार करूंगा।

झारखंड में 29 अप्रैल से चार चरणों में चुनाव होने हैं।

(भाषा)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *