नई दिल्ली ( एजेंसी ) : दक्षिण अफ्रीका के धमाकेदार बल्लेबाज़ तथा पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स से पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने वर्ल्ड कप 2019 के खिताब की दावेदार टीमों के नाम बताए हैं। एबी डिविलियर्स के मुताबिक चार ऐसी टीमें हैं, जो इस बार वर्ल्ड चैंपियन बन सकती हैं। इसमें सबसे चौंकाने वाली बात ये है कि इन चार टीमों में दक्षिण अफ्रीका का नाम शामिल नहीं है।
एक वेबसाइट को दिए इंटरव्यू में धमाकेदार बल्लेबाज़ ने कहा कि, दक्षिण अफ्रीकी टीम इसकी दौड़ में शामिल है, लेकिन अगर मैं ईमानदारी से कहूं तो वो विश्व कप जीतने की दावेदार टीमों में शामिल नहीं है।
एबी डिविलियर्स के अनुसार भारत, इंग्लैंड, पाकिस्तान और ऑस्ट्रेलिया वो चार टीमें हैं, जो इस बार वर्ल्ड चैंपियन बन सकती हैं। उन्होंने आगे कहा कि, भारत और इंग्लैंड की टीमें मज़बूत नज़र आ रही हैं। ऑस्ट्रेलिया पहले पांच विश्व कप खिताब जीत चुका है और पाकिस्तान ने दो साल पहले ही इंग्लैंड में हुई चैंपियंस ट्रॉफी जीती थी। ये चारों टीमें मुझे खिताब की प्रबल दावेदार लग रही हैं।