क्राइस्टचर्च (न्यूजीलैंड), 15 मार्च (एएफपी) क्राइस्टचर्च की एक मस्जिद में शुक्रवार को गोलीबारी की खबर मिलने के बाद न्यूजीलैंड की सशस्त्र पुलिस ने शहर की घेराबंदी कर दी. बांग्लादेश क्रिकेट टीम भी कल क्राइस्टचर्च में होने वाले टेस्ट मैच के लिए यहां है. टीम के सदस्य गोलीबारी से सुरक्षित बच गए. इस हमले के बाद न्यूजीलैंड और बांग्लादेश के बीच होने वाला टेस्ट मैच भी रदद् कर दिया गया है.
ईएसपीएन क्रिकइंफो के रिपोर्टर मोहम्मद इस्लाम ने बताया कि टीम के सदस्य मस्जिद से बच निकले. उन्होंने ट्वीट किया, वे हेग्ले पार्क से ओवल की ओर भागे.
पुलिस ने एक बयान में कहा, क्राइस्टचर्च में एक हमलावर सक्रिय है और यहां हालात गंभीर हैं. उन्होंने कहा, पुलिस हालात को नियंत्रित करने की पूरी कोशिश कर रही है लेकिन जोखिम काफी अधिक है.
स्थानीय मीडिया ने बताया कि एक मस्जिद में कई लोगों की मौत हुई है और एक अन्य को खाली कराया गया है. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के प्रवक्ता जलाल यूनुस ने बताया कि पूरी टीम को बस में बिठाकर मस्जिद लाया गया था और जब गोलीबारी हुई, तब टीम मस्जिद में प्रवेश करने ही वाली थी. उन्होंने एएफपी से कहा, वे सुरक्षित हैं, लेकिन वे सदमे में हैं. हमने टीम से होटल में रहने को कहा है.