जैश-ए-मोहम्मद के मुखिया मसूद अज़हर को वैश्विक आतंकी घोषित करने के आड़े आ रहे चीन को अमेरिका से कड़े संदेश मिले हैं. दरअसल, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में अमेरिकी राजनयिक ने चेतावनी देते हुए कहा कि इससे दूसरे सदस्यों को अन्य एक्शन लेने के लिए मजबूर होना पड़ सकता है.
इतना ही नहीं, उन्होंने कहा कि अगर बीजिंग आतंकवाद से लड़ने के लिए गंभीर है तो उसे पाकिस्तान और अन्य देशों के आतंकियों का बचाव नहीं करना चाहिए.
अमेरिकी राजयनिक ने चीन को कड़ा संदेश देते हुए कहा कि यह चौथी बार है कि चीन ने ऐसा किया है.
चीन को समिति को वह कार्य करने से नहीं रोकना चाहिए, जिसे सुरक्षा परिषद ने करने के लिए सौंपा है. अगर चीन अड़ंगा लगाता रहा तो जिम्मेदार सदस्यों देशों के सुरक्षा परिषद में अन्य एक्शन लेने पर मजबूर होने पड़ेगा. ऐसा नहीं होना चाहिए.