जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा में सुरक्षा बलों और आतंकवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में सेना ने एक आतंकी को ढेर कर दिया. सुरक्षाबलों को सूचना मिली थी कि इस इलाके में कुछ आतंकी छिपे हैं जिसके बाद आतंकियों की तलाश के लिए सुरक्षाबलों ने पूरे इलाके को घेर लिया. फिलहाल सर्च ऑपरेशन जारी है. हालात को देखते हुए हंदवाड़ा में इंटरनेट सेवा बंद कर दी गई है.
जानकारी के मुताबिक बुधवार की रात हंदवाड़ा के क्रालगुंड में सुरक्षाबल सर्च ऑपरेशन चला रहे थे. इस बीच आतंकियों ने उनपर हमला बोला. जिसके बाद सेना ने भी इसका मुहतोड़ जवाब दिया. लेकिन उस समय आतंकी बच निकले, वहीं गुरुवार की सुबह एक बार फिर मुठभेड़ हुई जिसमे सुरक्षाबलों ने एक आतंकी को ढेर कर दिया.
बता दें कि इससे पहले जम्मू-कश्मीर के हंदवाड़ा में सुरक्षाबलों और आतंकियों के बीच तीन दिन (बीते गुरुवार देर रात से लेकर रविवार) तक एनकाउंटर चला था. इस एनकाउंटर के दौरान दो आतंकी मारे गए थे. हालांकि, इस दौरान तीन सीआरपीएफ जवान और दो पुलिसकर्मी भी शहीद हो गए थे. एनकाउंटर के दौरान एक आम नागरिक के मारे जाने की भी खबर थी.