कालिंदी एक्सप्रेस विस्फोट के बाद मिली थी मंच उड़ाने की चिट्ठी, गोरखपुर रैली में पीएम की बढ़ाई गई सुरक्षा

24 फरवरी को गोरखपुर में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. यूपी के कानपुर में कालिंदी एक्सप्रेस में शौचालय के पास हुए ब्लास्ट के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियों को एक धमकी भरी चिट्ठी मिली थी जिसमें 2019 के लोकसभा चुनाव से पहले रैली के मंच को उड़ाने की बात लिखी थी.

इस चिट्ठी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए थे. 24 फरवरी को होने वाली पीएम की रैली को लेकर सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत करने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी जा रही है.

प्रधानमंत्री की सुरक्षा व्यवस्था को अभेद्य बनाने के लिए खाका तैयार किया गया है. इसके लिए 5000 से ज्यादा जवानों को तैनात किया जा रहा है. रैली स्थल को 4 ज़ोन और 11 सेक्टर में बांटा गया है.

आपको बता दें 23 और 24 फरवरी को गोरखपुर के फर्टिलाइजर ग्राउंड में राष्ट्रीय किसान अधिवेशन होना है जिसके अधिवेशन का शुभारंभ 23 फरवरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह करेंगे उसके बाद 24 फरवरी किसानों को प्रोत्साहित करने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रैली को संबोधित करेंगे.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *