Haryana Chunav 2024 Amit Shah Rally: हरियाणा विधानसभा चुनाव में प्रचार के लिए एक सप्ताह से भी कम का समय बचा है। ऐसे में सभी सियासी दलों के दिग्गज नेता ताबड़तोड़ चुनावी रैलियां कर रहे हैं। रविवार को केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने गुरुग्राम के बादशाहपुर विधानसभा क्षेत्र में एक चुनावी रैली को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कांग्रेस को निशाने पर लिया और कहा कि कांग्रेस की तीन पीढ़ियों इंदिरा गांधी, राजीव और सोनिया गांधी ने भारतीय सेना का अपमान किया है।
इन तीन पीढ़ियों की सरकारों के दौरान वन रैंक वन पेंशन लागू नहीं की गई। यह काम मोदी सरकार के कार्यकाल में किया गया है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वन रैंक वन पेंशन के तीसरे वर्जन को भी लागू कर दिया है। अब नई तनख्वाह के साथ पेंशन मिलेगी। कांग्रेस ने हमेशा भारतीय सेना का अपमान करने का काम किया है। मोदी सरकार ने सेना के लिए ठोस कदम उठाए हैं।
लोकसभा चुनाव में अयोध्या में मिली हार को लेकर अमित शाह ने कहा चुनाव में हार जीत तो लगी रहती है लेकिन किसी को रामलला का अपमान नहीं करना चाहिए। कांग्रेस ने हमेशा अयोध्या में राम मंदिर का विरोध किया है। कांग्रेस शासन में रामलला टेंट में हुआ करते थे लेकिन अब एक भव्य दिव्य मंदिर में विराजमान है। कांग्रेस ने हमेशा भगवान राम का अपमान करने का काम किया है।
गृह मंत्री ने अग्निवीर योजना को लेकर भी कांग्रेस को जवाब दिया। उन्होंने कहा, अग्निवीर योजना सिर्फ जवानों का जवान बनाने के लिए लाई गई है। हरियाणा के एक-एक अग्निवीर को राज्य सरकार और भारत सरकार पेंशन वाली नौकरी देगी। पांच साल के बाद कोई अग्निवीर ऐसा नहीं होगा, जिसका पास पेंशन वाली नौकरी नहीं होगी।
Read Also:http://Jammu Kashmir: कुलगाम में सेना और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़, दो आतंकी ढेर और चार जवान घायल
इस दौरान शाह ने कहा कि मोदी सरकार के 10 साल के कार्यकाल के दौरान हरियाणा को 2 लाख 92 हजार करोड़ रुपए दिए गए। यूपीए के 10 सालों के शासन के दौरान सिर्फ 41 हजार करोड़ रुपए हरियाणा को दिए गए। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हरियाणा से बहुत प्यार करते हैं। इसका यह जीता जागता उदाहरण है।