कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गाँधी ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि पीएम की विचारधारा ठीक नहीं है. पीएम जहां भी जाते हैं वो किसी न किसी की बुराई करते रहते हैं.
राहुल ने कहा कि मोदी जी के गुरु कौन हैं. आडवाणी जी. शिष्य गुरु के सामने हाथ भी नहीं जोड़ता. स्टेज से उठा कर फेंक दिया आडवाणी जी को. जूता मार के आडवाणी जी को उतारा स्टेज से और हिन्दू धर्म की बात करते हैं. हिन्दू धर्म में कहां लिखा है कि लोगों को मारना चाहिए.
राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी ने बीजेपी के वरिष्ठ नेता लाल कृष्ण आडवाणी का अपमान किया है और अपने गुरु का अपमान करना हिंदू संस्कृति नहीं है. हिंदू में कहां लिखा है कि गुरू का अपमान करना चाहिए.
ध्यान रहे कि बीजेपी ने अडवानी को टिकट न देकर गांधीनगर सीट से अमित शाह को चुनाव लड़ने के लिए आगे किया है. अडवानी ने एक ब्लॉग लिखकर कहा कि बीजेपी ने अपने राजनीतिक विरोधियों को कभी राष्ट्र विरोधी नहीं माना.
इस ब्लॉग के सामने आते ही विपक्षी पार्टियों ने बीजेपी को आड़े हाथ लिया. राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी हमें हिंदू धर्म की सीख न दें. उन्होंने (मोदी) अपने गुरु का अपमान किया.
आपको बता दें कि पहले चरण के मतदान में अब कुछ ही दिन बचे हैं, 11 अप्रैल को देश के 20 राज्यों की 91 सीटों पर मतदान होगा.