टीम की जरूरत के अनुसार किसी भी क्रम पर खेलने को तैयार: पंत

भारत के आक्रामक विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत ने दिल्ली कैपिटल्स की ओर से पहले मैच में 27 गेंद में नाबाद 78 रन की पारी खेलने के बाद कहा कि उन्हें टीम की जरूरत के अनुसार किसी भी क्रम पर बल्लेबाजी करने में खुशी होगी.

मुंबई इंडियन्स के खिलाफ खेली इस पारी से पंत की विश्व कप टीम में जगह बनाने की संभावना भी बढ़ गई है. रविवार को मुंबई के खिलाफ दिल्ली की 37 रन की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले 21 साल के पंत ने कहा, टीम की जरूरत के अनुसार मुझे किसी भी क्रम पर बल्लेबाजी करने में खुशी होगी.

शीर्ष स्तर के क्रिकेट में अब तक की यात्रा के बारे में पूछे जाने पर पंत ने कहा, यह शानदार सफर रहा है, मैं अपने क्रिकेट करियर में रोजाना कुछ सीखने का प्रयास कर रहा हूं. जब आपकी टीम जीतती है तो अच्छा लगता है. मैं अधिकांश समय स्थिति के अनुसार खेलने का प्रयास करता हूं.

उन्होंने कहा, जब टीम के लिए रन गति बढ़ाने की जरूरत होती है तो मैं जोखिम उठाता हूं और आज यह काम कर गया. विशेषकर टी20 में आपको कुछ अलग करना होता है. गेंदबाज जब आपको शाट खेलने के लिए जगह नहीं देते तो आपको खुद जगह बनानी होती है.

भाषा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *