नई दिल्ली ( एजेंसी ) : रिलायंस कम्युनिकेशन के चेयरमैन और मुकेश अम्बानी के भाई अनिल अंबानी ने सुप्रीम कोेर्ट की डेडलाइन से एक दिन पहले स्वीडिश कंपनी एरिक्सन लगभग साढ़े चार सौ करोड़ का बकाया चुका दिया है। न्यूज एजेंसी के सूत्रों ने इसकी पुष्टि की है।
एरिक्सन ने 2014 में आरकॉम का टेलीकॉम नेटवर्क संभालने के लिए 7 साल की डील की थी। इस मामले में उसका आरोप था कि आरकॉम ने 1,500 करोड़ रुपए की बकाया रकम नहीं चुकाई। पिछले साल दिवालिया अदालत में सेटलमेंट प्रक्रिया के तहत एरिक्सन इस बात के लिए राजी हुई कि आरकॉम सिर्फ 550 करोड़ रुपए का भुगतान कर दे। सुप्रीम कोर्ट ने आरकॉम को 15 दिसंबर तक भुगतान करने के आदेश दिए थे। उसने पेमेंट नहीं किया। इसलिए एरिक्सन ने सुप्रीम कोर्ट में अवमानना याचिका दायर की थी।
खबरों की माने तो सरकारी टेलीकॉम कंपनी बीएसएनएल भी अनिल अंबानी की कंपनी रिलायंस कम्युनिकेशंस (आरकॉम) से 700 करोड़ रुपए बकाया वसूलने के लिए नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल (एनसीएलटी) में याचिका लगाएगी। आधिकारिक सूत्रों ने यह जानकारी दी।