आज दिल्ली में राष्ट्रीय युद्ध स्मारक के उद्घाटन समारोह के मौके पर पीएम मोदी ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है. उन्होंने कहा कि साल 2009 में सेना ने 1 लाख 86 हजार बुलेट प्रूफ जैकेट की मांग की थी लेकिन चार सालों में भी सेना को जैकेट नहीं मिले. हमारी सरकार ने बीते साढ़े चार वर्षों में 2 लाख 30 हजार से ज्यादा बुलेट प्रूफ जैकेट खरीदी है.
पीएम मोदी ने कहा, बोफोर्स से लेकर हेलीकॉप्टर तक, सारी जांच का एक ही परिवार तक पहुंचना, बहुत कुछ कह जाता है. अब यही लोग पूरी ताकत लगा रहे हैं कि भारत में राफेल विमान न आ पाए. अगले कुछ महीनों में जब देश का पहला राफेल, भारत के आसमान में उड़ान भरेगा, तो खुद ही इनकी सारी साजिशों को ध्वस्त कर देगा.
उन्होंने कहा, सेना के लिए अत्याधुनिक राइफलों को खरीदने और भारत में बनाने का काम भी हमारी सरकार ने ही शुरु किया है. हाल ही में सरकार ने 72 हजार आधुनिक राइफल की खरीद का ऑर्डर दिया है.
पीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा है कि इंडिया फर्स्ट और फैमिली फर्स्ट का जो अंतर है, वही इसका जवाब है. स्कूल से लेकर अस्पताल तक, हाईवे से लेकर एयरपोर्ट तक, स्टेडियम से लेकर अवॉर्ड तक – हर जगह एक ही परिवार का नाम जुड़ा रहता था.
आपको बता दें इंडिया गेट पर देश के लिए शहीद हुए सैनिको के लिए राष्ट्रीय युद्ध स्मारक बनाया गया जिसकी लागत 176 करोड़ की आई है.