शुभम रावत
नई दिल्ली: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच आज तीन मैचों की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबलाराजकोट मेंखेला जाएगा। इस मैच में कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली की मैदान पर वापसी होगी। टीम इंडिया पहले ही 2-0 की अजेय बढ़त बना चुकी है। उसके पास यह सीरीज में क्लीन स्वीप करने का मौका होगा।
भारत की सरजमीं पर पांच अक्टूबर से वनडे वर्ल्ड कप खेला जाना है। टूर्नामेंट से पहले टीम इंडिया आज अपना आखिरी मुकाबला ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेलेगी। विश्व कप से पहले भारतीय टीम के पास अपनी तैयारियों को और मजबूत करने के लिए आखिरी मौका होगा। क्योंकि इसके बाद विश्व कप के अभ्यास मैच शुरु हो जाएंगे।भारतीय टीम आज कई बदलाव के साथ मैदान में उतरेगी। रोहित शर्मा, विराट कोहली और हार्दिक पांड्या जैसे अनुभवी खिलाड़ी प्लेइंग-11 में नजर आएंगे।
टीम इंडिया काफी अच्छी लय में नजर आ रही है। ओपनर बैट्समैन शुभमन गिल समेत केएल राहुल, श्रेयस अय्यर और सूर्यकुमार यादव बेहतरीन फॉर्म में हैं। जिनकी बल्लेबाजी के दम पर भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पिछले दो मुकाबले जीतने में सफल रही। वहीं गेंदबाजी डिपार्टमेंट में भी भारतीय खिलाड़ियों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। खासकर अनुभवी गेंदबाज आर अश्विन और मोहम्मद सिराज बेहतरीन गेंदबाजी कर रहे हैं। वहीं दूसरे एकदिवसीय मैच में मोहम्मद शमी ने भी शानदार गेंदबाजी की थी।
रोहित और ईशान कर सकते हैं शुरुआत
आज ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ आखिरी वनडे में कप्तान रोहित शर्मा के साथ ईशान किशन ओपनिंग करते हुए नजर आ सकते हैं। जबकि विराट कोहली अपने स्थायी तीन नंबर पर ही बल्लेबाजी करेंगे। पिछले मैच में कोहली के स्थान पर बल्लेबाजी करने वाले श्रेयस अय्यर को चार नंबर पर बल्लेबाजी के लिए भेजा जा सकता है। वहीं केएल राहुल नंबर पांच और सूर्यकुमार छह नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए नजर आ सकते हैं।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11
भारतः रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव, रवींद्र जडेजा, रविचंद्रन अश्विन, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।
ऑस्ट्रेलिया: डेविड वार्नर, मिशेल मार्श, स्टीव स्मिथ, मार्नस लाबुशेन, ग्लेन मैक्सवेल, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, मार्कस स्टोइनिस, पैट कमिंस (कप्तान), मिशेल स्टार्क, एडम जैम्पा।