शुभम रावत-
नूंह:हरियाणा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने नूंह हिंसा पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने इस साम्प्रदायिक हिंसा में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के हाथ होने का आरोप लगाया है।
धनखड़ के बयान से आया भूचाल
नूंह हिंसा के बाद हरियाणा सरकार का एक्शन मोड जारी है। इस मामले की जांच की जा रही है। साथ ही सुबुतों के आधार पर आरोपियों की गिरफ्तारी भी की जा रही है। इस दौरान नूंह हिंसा मामले पर पक्ष और विपक्ष के नेताओं के बयान भी सामने आ रहे हैं।बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने इसे लेकर एक बड़ा बयान दे दिया है, जिससे राजनीतिक गलियारों में भूचाल आ गया है।
कांग्रेस-आप की मानसिकता विभाजन कारी
दरअसल धनखड़ शनिवार को रेवाड़ी के बाल भवन में आयोजित तीज महोत्सव के कार्यक्रम में शिरकत करने के लिए पहुंचे थे। इस दौरान अपने संबोधन में उन्होंने सबको तीज के त्याोहर की शुभकामनाएं देने के बाद नूंह हिंसा की बात उठा दी।उन्होंने कहा कि कांग्रेस और आप की मानसिकता विभाजन कारी है।
कांग्रेस और AAP ने रचा षड्यंत्र-धनखड़
ओपी धनखड़ ने कहा कि नूंह हिंसा में कांग्रेस और आम आदमी पार्टी की संलिप्तता का खुलासा हो चुका है। मेवात में बीजेपी के बढ़ते जनाधार से कांग्रेस बौखलाई हुई थी। मेवात की तीनों सीटों पर जनता बीजेपी का परचम फहराने का मन बना रही थी, जिससे बौखलकर कांग्रेस और आम आदमी पार्टी ने षड्यंत्र रचा।
गौरतलब है कि 31 जुलाई को नूंह में ब्रजमंडल यात्रा के दौरान साम्प्रदायिक हिंसा हो गई थी। इस दौरान दोनों तरफ से जमकर ईट-पत्थर चलाए गए। कई गाड़ियों को आग के हवाल कर दिया गया था। इस हिंसक घटना में होमगार्ड समेत कई लोगों ने अपनी जान गंवा दी थी। एक सप्ताह से भी ज्यादा समय तक स्थिति बेहद नाजुक थी जिसे धीरे-धीरे नियंत्रण में लाया गया। अब इस मामले पर पुलिस-प्रशासन सख्ती सेकार्रवाई कर रहा है।