अविश्वास प्रस्ताव: अमित शाह ने संसद में बताया, मणिपुर में हिंसा के बावजूद क्यों नहीं हटाए गए वहां के सीएम बीरेन सिंह

नई दिल्लीःकांग्रेस की अगुआई में लोकसभा में विपक्षी दलों द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा के दौरान अपनी बात रखते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष पर करारा वार किया। साथ ही यह भी बताया कि मणिपुर में हिंसा के बावजूद मुख्यमंत्री बीरेन सिंह को क्यों नहीं हटाया गया है। शाह ने बुधवार को संसद में विपक्ष द्वारा लाए गए अविश्वास प्रस्ताव पर कहा कि विपक्ष केवल देश की जनता को गुमराह करने के लिए यह अविश्वास प्रस्ताव लेकर आया है। विपक्ष को भले एनडीए सरकार पर अविश्वास हो, लेकिन देश के गरीब को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार पर पूरा भरोसा है। उन्होंने कहा कि यह देश की जनता को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा ही है जिसकी वजह से एनडीए को लगातार दो बार पूर्ण बहुमत के साथ सत्ता में आने का मौका मिला।

पीएम मोदी जनता के बीच सबसे लोकप्रिय नेता हैं

शाह ने कहा कि नरेंद्र मोदी भारत के लोकप्रिय प्रधानमंत्रियों में से एक हैं। विपक्ष द्वारा लाया गया यह अविश्वास प्रस्ताव देश के सामने उसके असली चरित्र को उजागर करेगा। शाह ने कहा कि आजादी के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की ये सरकार ऐसी है जिसने सबसे ज्यादा लोगों का भरोसा जीता। पीएम मोदी जनता के बीच सबसे लोकप्रिय नेता हैं। प्रधानमंत्री मोदी देश के विकास और जनता के कल्याण के लिए अथक प्रयास करते हैं। वह एक भी छुट्टी लिए बिना दिन में लगातार 17 घंटे काम करते हैं। शाह ने कहा कि एनडीए की सरकार ने किसानों को जो दिया है वह मुफ्त नहीं है, बल्कि हमारी सरकार ने उन्हें आत्मनिर्भर बनाया है।

मणिपुर हिंसा को राजनीति का मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए

केंद्रीय गृहमंत्री शाह ने संसद में मणिपुर हिंसा को लेकर भी विपक्ष पर जोरदार प्रहार किया। उन्होंने कही कि एनडीए की सरकार ने देश से भ्रष्टाचार को खत्म करने का काम किया है। मोदी सरकार ने परिवारवाद को खत्म किया है। पीएम मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार ने जम्मू और कश्मीर को आतंकवाद से पूरी तरह मुक्त कराने के लिए लगातार काम किया है। शाह ने कहा कि मणिपुर में परिस्थिति से पैदा हुई हिंसा है और इसको राजनीति का मुद्दा नहीं बनाया जाना चाहिए।

सुबह चार बजे पीएम मोदी ने फोन पर मुझसे मणिपुर पर बात की

शाह ने कहा कि विपक्ष कहता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मणिपुर हिंसा पर ध्यान नहीं दिया, लेकिन मैं बताना चाहता हूं कि तीन, चार और पांच मई को पीएम मोदी लगातार एक्टिव थे। सुबह चार बजे उन्होंने फोन पर मुझसे मणिपुर के मुद्दे पर बात की। इसके अगले दिन उन्होंने फिर सुबह 6.30 बजे फोन करके मुझे उठाया और चर्चा की। तीन दिन तक हमने लगातार काम किया। यही नहीं, 16 वीडियो कॉन्फ्रेंस की, वायुसेना का इस्तेमाल किया और वहां के डीजीपी बदला।

शाह ने बताया क्यों नहीं हटाए गए सीएम बीरेन सिंह

केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने ये भी बताया कि मणिपुर में अभी तक मुख्यमंत्री बीरेन सिंह को क्यों नहीं बदला गया है। उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री सहयोग न करे, तो उसे बदला जाता जाता है, लेकिन सीएम बीरेन सिंह केंद्र सरकार का पूरा सहयोग कर रहे हैं और हिंसा रोकने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई भी कर रहे हैं। अमित शाह ने कहा कि हम मौन नहीं रहते हैं, हम जवाब देने वाले लोग हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *