रोहतास: बिहार के रोहतास जिला स्थित एक पुल के पिलर में फंसे 11 साल के बच्चे रंजन को 25घंटे से जारी रेस्क्यू के बाद निकाला गया। पिछले लगभग 27 घंटे से पिलर में फंसे बच्चे को निकालने के बाद इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। अब इस मामले में एक बुरी खबर सामने आई है। दरअसल, डॉक्टरों ने बच्चे को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टर ब्रजेश कुमार के मुताबिक, बच्चे को मृत अवस्था में अस्पताल लाया गया था। हालांकि बच्चे की मौत के कारणों का अभी खुलासा नहीं हो पाया है।
सदर अस्पताल के ट्रामा सेंटर के चिकित्सक ने बताया कि नसरीगंज स्थित नदी पर बने पुल के खंभे और स्लैब के बीच फंसा 11 वर्षीय बच्चा अस्पताल में मृत लाया गया।बताया जा रहा है कि पिलर में 25 घंटे तक फंसे रहने की वजह से बच्चे को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। जिसके कारण बच्चे की मौत हो गई।
दरअसल, ये मामला रोहतास के नासरीगंज दाऊदनगर में स्थित एक पुल का है। जहां कल यानी बुधवार को एक 11 साल का बच्चा कबूतर पकड़ने के चक्कर में पुल के पिलर के बीच फंस गया। काफी देर तक जब बच्चा घर नहीं लौटा तो घर वालों ने सभी जगह ढूंढना शुरू कर दिया। इसी क्रम में एक महिला ने रोते हुए बच्चे की आवाज सुनी और बच्चे के घरवालों को इसकी जानकारी दी
घटनास्थल पर जब बच्चे के परिजन पहुंचे तो उन्होंने बच्चे को पहले खींचकर निकालने की कोशिश की। लेकिन इसमें वो पूरी तरह नाकाम रहे। वहीं जब अपनी पूरी कोशिश करने के बाद परिजन हार गए तो उन्होंने प्रशासन को इसके बारे में जानकारी दी। इस बात की खबर लगते ही मौके पर एनडीआरएफ और दूसरी टीम पहुंची और लंबे समय से बच्चे को निकालने के लिए मशक्कत की। अंत में स्लैब तोड़कर बच्चे को बाहर निकाला गया जिसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया। लेकिन अब खबर है कि बच्चा इस दुनिया में नहीं रहा।