नई दिल्ली: कांग्रेस की सुरक्षा में चूक वाली चिट्ठी पर सीआरपीएफ ने गृह मंत्रालय को बताया है कि राहुल गांधी ने साल 2020 से अब तक 113 बार सुरक्षा के नियमों का उल्लंघन किया है। ऐसा उन्होंने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भी किया है।
कांग्रेस ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सुरक्षा में चूक पर बुधवार को गृह मंत्रालय को चिट्ठी लिखी थी। जिसपर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल ने अपना पक्ष रखा है। सीआरपीएफ अधिकारियों ने बताया है कि राहुल गांधी कई सालों से नियमों का उल्लंघन करते आ रहे हैँ।
कांग्रेस ने दावा किया था कि भारत जोड़ो यात्रा में सुरक्षाकर्मियों से चूक हुई है। कांग्रेस की तरफ से कहा गया था कि, दिल्ली पुलिस राहुल गांधी को सुरक्षा घेरा नहीं दे पाई। जिसकी वजह से कांग्रेस नेताओं को उनकी सुरक्षा के लिए घेरा बनाना पड़ा। इसी संबध में कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने बुधवार को गृह मंत्री अमित शाह को चिट्ठी लिखी थी। पत्र में कहा गया था कि, भारत जोड़ो यात्रा के दौरान दिल्ली पुलिस सुरक्षा देने में लापरवाही बरत रही थी। लेकिन अब कांग्रेस पर ही नियमों के उल्लंघन का आरोप लग गया है।
113 बार किया दिशा निर्देशों का उल्लंघन
कांग्रेस की चिट्ठी का जवाब सीआरपीएफ ने गृह मंत्रालय को दिया है। उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी खुद सुरक्षा नियमों का उल्लंघन कर रहे हैं। उन्होंने 2020 से अब तक 113 बार दिशा निर्देशों का उल्लंघन किया है। भारत जोड़ो यात्रा के दौरान भी उन्होंने नियमों का पालन नही किया।