संतोष कुमार सिंह
चंडीगढ़: एक तरफ प्रदेश में मौसम का मिजाज बदल रहा है और ठंड के दस्तक देने के आसार हैं वहीं दूसरी तरफ हरियाणा में पंचायत चुनाव की वजह से राजनीतिक तापमान बढ़ा हुआ दिख रहा है। एक ओर जहां प्रदेश के नौ जिलों में कल से पंचायत चुनाव के लिए नामांकन की तैयारियां हैं वहीं दूसरी तरफ चुनाव आयोग की तैयारियों को देखते हुए ऐसा लगता है कि दूसरे चरण के पंचायत चुनाव की तैयारियां भी पूरी हो गई हैं। इसके लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा शुक्रवार की किए जाने की संभावना है। दूसरे चरण में 13 जिलों में पंचायत चुनाव होेंगे। पहले चरण में नौ जिलों में पंचायत चुनाव हो रहे हैं।
पहले चरण में 9 तो दूसरे चरण में 13 जिलों में होंगे पंचायत चुनाव
हरियाणा के नौ जिलाें में शुक्रवार को पंच-सरपंचों और जिला परिषद व पंचायत समितियों के सदस्यों के लिए नामांकन का दौर शुरू हो जाएगा। इसी दिन राज्य चुनाव आयोग शेष 13 जिलों में पंचायती राज संस्थाओं का चुनावी शेड्यूल जारी करने की तैयारी में हैं। इन जिलों में चुनाव की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
नौ जिलाें में नामांकन पत्र दाखिल कर सकेंगे प्रत्याशी
पंचायत चुनाव के पहले चरण में भिवानी, झज्जर, जींद, कैथल, महेंद्रगढ़, नूंह, पंचकूला, पानीपत और यमुनानगर में 30 अक्टूबर को जिला परिषद व ब्लाक समिति सदस्यों तथा दो नवंबर को पंच-सरपंचों के चुनाव होने हैं।
दूसरे चरण में हिसार, रोहतक, अंबाला, रेवाड़ी, करनाल, कुरुक्षेत्र, सोनीपत, पलवल, सिरसा, चरखी दादरी, गुरुग्राम, फतेहाबाद और फरीदाबाद में पंचायत चुनाव होंगे। हालांकि पहले फतेहाबाद में पहले चरण में ही मतदान कराने की घोषणा की गई थी, लेकिन आदमपुर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव के चलते यहां चुनाव अगले चरण के लिए टाल दिए गए।