समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने झांसी में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि प्रदेश में धड़ाधड़ फर्जी एनकाउंटर हो रहे हैं. लोगों को न्याय नहीं मिल पा रहा है. यूपी में सरकार राम राज्य की बात करती है, जबकि यहां राम राज्य नहीं नाथूराम राज्य चल रहा है. उन्होंने कहा कि इसके विरोध में सपा पूरे प्रदेश में न्याय यात्रा निकालने की योजना बना रही है. इस न्याय यात्रा की शुरुआत उपचुनाव के बाद ललितपुर से की जाएगी.
दरअसल अखिलेश यादव पिछले दिनों एनकाउंटर में मारे गए पुष्पेंद्र यादव के परिवार से मुलाकात करने के लिए अखिलेश बुधवार को ही झांसी आए थे. उनसे मिलने के बाद रात को झांसी में ही रुके और आज पत्रकारों से बातचीत करते हुए न्याय यात्रा की जानकारी दी. पुष्पेंद्र के एनकाउंटर को फर्जी करार देते हुए अखिलेश ने कहा कि पूरे मुठभेड़ की जांच हाईकोर्ट के जज से कराई जानी चाहिए.
बता दें कि बुधवार को अखिलेश के झांसी आने से पहले ही शहर में जमकर बवाल हुआ था. एनकाउंटर का विरोध करने के लिए इकट्ठा हुए 39 सपा नेताओँ को पुलिस ने हिरासत में लेकर जेल भेज दिया था. जैसे ही अखिलेश झांसी पहुंचे तो पुलिस के खिलफ लोगों का आक्रोश फूट पड़ा. वहां मौजूद लोगों ने पुलिस मुर्दाबाद के नारे लगाए, साथ ही पुष्पेंद्र के हत्यारों को फांसी देने की मांग की. वहीं दूसरी ओर पुष्पेंद्र की पत्नी शिवांगी ने मुख्यमंत्री योगी से न्याय की गुहार लगाई है. उन्होंने कहा कि अगर उनको जल्द न्याय नहीं मिला तो वह आत्महत्या कर लेगीं, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी.