योगी ने CM चेहरे पर दिया बड़ा संकेत, बोले- सबको पता है कौन होगा मुख्यमंत्री

UP Election 2027: उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। भारतीय जनता पार्टी में मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर चल रही चर्चा के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी के लिए कमल का फूल ही सब कुछ है और सभी को पता है कि मुख्यमंत्री का चेहरा कौन होगा। योगी का यह बयान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के उस बयान के बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि चुनाव में पार्टी का चेहरा कमल का फूल होगा।

योगी बोले- मैं भी कमल के निशान पर ही चुनाव लड़ूंगा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को एबीपी न्यूज़ से बातचीत में कहा कि पार्टी के सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं को कमल के निशान पर ही चुनाव लड़ना होगा। उन्होंने कहा, “हर किसी को कमल (चुनाव चिह्न) पर ही चुनाव लड़ना होगा। मैं भी कमल के निशान पर ही चुनाव लड़ूंगा। हमारे लिए कमल का फूल ही सब कुछ है।”

जब उनसे केशव प्रसाद मौर्य के बयान को लेकर सवाल किया गया तो योगी आदित्यनाथ ने कहा, “सबको पता है कि CM का चेहरा कौन होगा।” उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

केशव मौर्य ने क्या कहा था?

दरअसल, उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य से 2027 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी के मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर सवाल पूछा गया था। इस पर उन्होंने कहा था कि चुनाव के दौरान कमल ही बीजेपी का चेहरा होता है। चुनाव समाप्त होने और विधायकों के चुने जाने के बाद विधायक दल की बैठक होती है। इसमें केंद्रीय पर्यवेक्षक भी शामिल होते हैं और आम सहमति के आधार पर नेता का चुनाव किया जाता है। मौर्य ने कहा था कि फिलहाल योगी आदित्यनाथ प्रदेश के मुख्यमंत्री हैं। वह आगे भी मुख्यमंत्री बने रहेंगे या कोई दूसरा नेता यह जिम्मेदारी संभालेगा, इसका फैसला उस समय चुने गए विधायक करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया था कि यह फैसला करना उनका काम नहीं है।

ब्रजेश पाठक ने बताई तीसरी बार सरकार बनाने की रणनीति

वहीं, उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार बीजेपी की सरकार बनाने को लेकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि विभिन्न समुदायों के नेताओं ने एकजुट होकर पूरे प्रदेश में काम करने का संकल्प लिया है। उनका लक्ष्य बीजेपी को एक बार फिर भारी बहुमत से सत्ता में लाना है।

2027 में होने हैं विधानसभा चुनाव

उत्तर प्रदेश में अगले साल फरवरी-मार्च 2027 के दौरान विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। बीजेपी ने अभी तक आधिकारिक तौर पर मुख्यमंत्री पद के चेहरे की घोषणा नहीं की है। पार्टी ने 2017 और 2022 के विधानसभा चुनावों में लगातार जीत दर्ज की थी। वहीं, समाजवादी पार्टी भी आगामी चुनाव में पूरी ताकत के साथ उतरने की तैयारी कर रही है। ऐसे में चुनाव से पहले बीजेपी के नेताओं के बयानों को राजनीतिक रूप से अहम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *