ममता की इच्छा: मोदी की छाती फूल कर 112 इंच की हो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर सबसे तीखा हमला करने वाले में शुमार पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने सोमवार को कहा कि उनकी इच्छा है कि मोदी का 56इंच का सीना दोगुना होकर 112इंच का हो जाए क्योंकि वह चाहती हैं कि सभी लोगों का स्वास्थ्य बेहतर हो।

उन्होंने एक चुनावी रैली को संबोधित करने के दौरान चेहरे पर कोई भाव लाये बिना कहा, उनके शरीर का गठन अच्छा है। मैं चाहती हूं कि यह और बेहतर हो जाए। मुझे प्रसन्नता होगी कि अगर 56इंच 112इंच हो जाए। मैं चाहती हूं कि सभी लोगों की सेहत अच्छी हो जाए।

अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों को न बख्शने के लिए मशहूर बनर्जी कहा, लेकिन वह इतने पर्याप्त चालाक हैं कि जानते हैं कि चाय पीने के लिए उसे बार बार उबालना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। वे मुझे कुल्हड़ में चाय पेश नहीं कर रहे हैं। उनका संदर्भ मोदी के खुद को चायवाला बताने को लेकर था।

वह विष्णुपुर में एक चुनावी रैली को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा, इसलिए उन्होंने चायवाला होना त्याग दिया और चौकीदार बन गए।

बनर्जी ने अपनी पार्टी के धर्मनिरपेक्ष होने पर जोर देते हुये कहा कि टीएमसी का आशय टी से टेंम्पल (मंदिर), एम से मॉस्क (मस्जिद) और सी से चर्च(गिरजाघर) है। इससे पहले मोदी ने ममता पर हमला बोलते हुये कहा था कि बनर्जी के शासन में पश्चिम बंगाल को तिहरी टी- तृणमूल, तोलाबाजी (संगठन भयादोहन) और टैक्स के रूप में जाना जाता है।

बनर्जी ने कहा कि टीएमसी को तोलाबाजी कहने से पहले प्रधानमंत्री को लोगों को यह बताना चाहिये कि उन्होंने नोटबंदी से कितना कमाया।

बनर्जी ने आरोप लगाया कि मोदी के लिए कोई खुलकर नहीं बोलता क्योंकि उन्हें सीबीआई और आयकर छापों का डर होता है।

भाषा

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *