जंग के बीच अमेरिका जाएंगे ईरान के राष्ट्रपति पेजेश्कियान और विदेश मंत्री अरागची, UNGA में होंगे शामिल

अमेरिका और ईरान के बीच जारी तनाव और जंग के माहौल के बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान और विदेश मंत्री अब्बास अरागची अमेरिका जाने वाले हैं। दोनों नेताओं के अमेरिका दौरे का मकसद अगले सप्ताह न्यूयॉर्क में आयोजित होने वाली संयुक्त राष्ट्र महासभा (UNGA) की उच्चस्तरीय बैठक में शामिल होना है। अमेरिकी प्रशासन ने ईरान के मुख्य प्रतिनिधिमंडल और जरूरी कर्मचारियों को बैठक में हिस्सा लेने के लिए वीजा देने की मंजूरी दे दी है।

जंग के बीच बढ़ा तनाव

अमेरिका और ईरान के बीच साल 2026 की शुरुआत से ही तनाव बना हुआ है। दोनों देशों के बीच भीषण जंग के बाद कुछ समय के लिए सीजफायर की घोषणा की गई थी, लेकिन बाद में यह सीजफायर टूट गया। इसके बाद दोनों देशों की ओर से एक-दूसरे के ठिकानों पर रुक-रुककर हमले किए जा रहे हैं। लगातार जारी इस टकराव के कारण पूरे मिडिल ईस्ट में बड़ी जंग का खतरा बना हुआ है।

इसी बीच ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान और विदेश मंत्री अब्बास अरागची के अमेरिका जाने की जानकारी सामने आई है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि ईरान के मुख्य प्रतिनिधिमंडल और अन्य जरूरी कर्मचारियों को संयुक्त राष्ट्र महासभा में शामिल होने के लिए वीजा देने की मंजूरी दी गई है।

पेजेश्कियान और अरागची का दौरा माना जा रहा कंफर्म

सूत्रों के अनुसार, अमेरिकी अधिकारियों ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि जिन ईरानी प्रतिनिधियों के लिए वीजा मंजूर किया गया है, उनमें राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान और विदेश मंत्री अब्बास अरागची भी शामिल हैं। ऐसे में दोनों नेताओं का अमेरिका दौरा कंफर्म माना जा रहा है।

रूस और ईरान पर प्रतिबंध वाला बिल पास

ईरानी नेताओं को वीजा दिए जाने की खबर ऐसे समय सामने आई है, जब अमेरिकी संसद ने हाल ही में रूस और ईरान पर प्रतिबंध लगाने वाला एक बड़ा बिल पास किया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस बिल पर जल्द हस्ताक्षर करने की योजना बना रहे हैं।

इस बिल के पास होने के बाद डोनाल्ड ट्रंप को रूस और ईरान से तेल-गैस जैसी चीजें खरीदने वाले देशों पर 100 प्रतिशत तक टैरिफ लगाने की ताकत मिल सकती है। ऐसे में प्रतिबंधों और जारी जंग के बीच पेजेश्कियान और अरागची का अमेरिका दौरा महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *