संयुक्त राष्ट्र: भारत ने संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान को आतंकवाद पर करारा जवाब दिया है। भारत के स्थायी प्रतिनिधि पी. हरीश ने साफ कहा कि सीमा पार आतंकवाद का समर्थन करने की कीमत पाकिस्तान को चुकानी पड़ेगी।
आत्मरक्षा का पूरा अधिकार
पी. हरीश ने कहा कि भारत को खुद का बचाव करने का पूरा अधिकार है। उन्होंने पाकिस्तान को नसीहत दी कि उसे हर तरह के आतंकवाद को समर्थन देना बंद कर देना चाहिए।
पाकिस्तान की नीति पर हमला
भारतीय प्रतिनिधि ने कहा, ‘पाकिस्तान की निराधार टिप्पणियों का जवाब देना जरूरी है। स्वतंत्र भारत की शुरुआत से ही पाकिस्तान ने आक्रमण कर भारतीय क्षेत्रों पर दावा किया। पाकिस्तान ने कई युद्ध छेड़े और लगातार सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा दिया।’
उन्होंने कहा कि पाकिस्तान की ‘हजार घाव देकर भारत को लहूलुहान करो’ की नीति संयुक्त राष्ट्र के नियमों के प्रति उसकी खोखली प्रतिबद्धता दिखाती है।
तथ्य सार्वजनिक दस्तावेजों में
पी. हरीश ने कहा कि आतंकवाद, धार्मिक कट्टरवाद और भारत विरोधी बयानबाजी पाकिस्तान की स्थापना से जारी है। उन्होंने दो टूक कहा कि पाकिस्तान को भरोसेमंद तरीके से आतंकवाद के सभी रूपों का समर्थन बंद करना होगा और मानना होगा कि सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देने के गंभीर नतीजे भुगतने पड़ते हैं।