सिरसा से नांदेड़ साहिब के लिए अब सीधी ट्रेन, सीएम सैनी ने दिखाई हरी झंडी

Haryana News: हरियाणा में अब सिरसा से नांदेड़ साहिब के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू हो गई है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शुक्रवार को सिरसा रेलवे स्टेशन से तख्त सचखंड श्री हजूर साहिब नांदेड़ (महाराष्ट्र) के लिए श्रद्धालुओं की विशेष ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह ट्रेन मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत संचालित की जा रही है, जिसमें सिख श्रद्धालु निशुल्क यात्रा का लाभ उठा रहे हैं।

ट्रेन में सैकड़ों श्रद्धालु सवार हैं, जिनमें ज्यादातर वरिष्ठ नागरिक शामिल हैं। सिरसा सहित आसपास के जिलों से आए भक्त गुरुदेव श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के अंतिम स्थल के दर्शन करने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री सैनी ने स्टेशन पर पहुंचकर श्रद्धालुओं से मुलाकात की, उन्हें शुभकामनाएं दीं और यात्रा के दौरान सुरक्षा, सुविधा और स्वास्थ्य का पूरा ध्यान रखने के निर्देश अधिकारियों को दिए।

सैनी ने कहा-धार्मिक स्थलों के लिए निःशुल्क ट्रेन और बस

मुख्यमंत्री तीर्थ यात्रा योजना के तहत हरियाणा सरकार सिख तीर्थों सहित अन्य धार्मिक स्थलों की यात्रा पर निशुल्क ट्रेन और बस सेवाएं उपलब्ध करा रही है। इससे पहले 5 मई को कुरुक्षेत्र से भी ऐसी ही एक विशेष ट्रेन रवाना की गई थी, जिसमें 800 से अधिक श्रद्धालु शामिल थे। सिरसा से यह दूसरी ट्रेन है। सीएम सैनी ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हर वर्ग के लोग, खासकर बुजुर्ग और कमजोर आय वर्ग के लोग, बिना किसी आर्थिक बोझ के पवित्र स्थलों के दर्शन कर सकें।

भोजन, पानी और चिकित्सा सुविधा भी मुफ्त

योजना के तहत यात्रियों को रेलवे टिकट, भोजन, पानी और मेडिकल सुविधाएं मुफ्त प्रदान की जा रही हैं। ट्रेन की यात्रा लगभग 36-40 घंटे की होगी।इस अवसर पर स्थानीय सिख संगठनों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। श्रद्धालुओं ने मुख्यमंत्री का आभार जताया और कहा कि यह योजना उनके लिए वरदान साबित हो रही है।हरियाणा सरकार जल्द ही अन्य तीर्थों के लिए भी ऐसी विशेष ट्रेनें चलाने की योजना बना रही है। यह पहल धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के साथ-साथ सामाजिक सद्भाव को मजबूत करने की दिशा में एक सकारात्मक कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *