कोलकाता में हिंसा पीड़ितों के परिजनों से मिले PM मोदी , 300 लोगों के नामों का स्मारक किया गया स्थापित

पश्चिम बंगाल: पश्चिम बंगाल के कोलकाता स्थित ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आज नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान शुभेंदु अधिकारी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, जबकि पांच अन्य नेताओं ने मंत्री पद की शपथ ग्रहण की। इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और कई केंद्रीय मंत्री तथा विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री मौजूद रहे।

शपथ ग्रहण समारोह के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा में मारे गए बीजेपी कार्यकर्ताओं के परिजनों से मुलाकात की। इनमें देबासिस मंडल, सौमित्र घोषाल और आनंद पॉल के परिवार शामिल थे। इस मुलाकात की तस्वीरें भी सामने आई हैं, जिसमें पीएम मोदी परिजनों से बातचीत करते और उन्हें ढांढस बंधाते नजर आए।

300 लोगों के नामों का स्मारक किया गया स्थापित

ब्रिगेड परेड ग्राउंड में राजनीतिक हिंसा में जान गंवाने वाले लगभग 300 लोगों के नामों की एक स्मारक संरचना भी बनाई गई है। इन नामों को बांग्ला भाषा में दर्ज किया गया है। पीएम मोदी ने शपथ ग्रहण से पहले इस स्मारक पर फूल अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

बीजेपी ने बलिदान को बताया महत्वपूर्ण

बीजेपी नेताओं का कहना है कि यह स्मारक उन लोगों की याद में बनाया गया है जिन्होंने अलग-अलग घटनाओं में राजनीतिक हिंसा का सामना करते हुए अपनी जान गंवाई। पार्टी ने कहा कि इन लोगों का बलिदान व्यर्थ नहीं जाएगा और उनके परिवारों को न्याय दिलाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम के दौरान मंच से “जय श्री राम” के नारे भी लगाए गए और कुछ नेताओं ने कहा कि सनातन संस्कृति को खत्म करने की कोशिशें की गई हैं। वहीं यह भी कहा गया कि “सबका साथ, सबका विकास” के साथ-साथ दोषियों को जवाबदेह ठहराया जाएगा। बीजेपी नेताओं ने आरोप लगाया कि पश्चिम बंगाल में राजनीतिक हिंसा लगातार होती रही है, और कई मामलों में उनके कार्यकर्ताओं को निशाना बनाया गया है। इस बीच, कुछ घटनाओं की जांच पुलिस द्वारा की जा रही है। पार्टी नेताओं का कहना है कि दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी और पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *