PM मोदी ने हरदोई में गंगा एक्सप्रेसवे का किया उद्घाटन, व्यापार और रोजगार के पैदा करेगी नए अवसर

हरदोई: हरदोई में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 594 किलोमीटर लंबे गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया। लगभग 36,230 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह एक्सप्रेसवे मेरठ से प्रयागराज तक 12 जिलों को जोड़ता है। उन्होंने कहा कि यह परियोजना राज्य में व्यापार, उद्योग और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी।

महिला आरक्षण बिल पर सपा को घेरा

अपने भाषण में मोदी ने नारी वंदन अधिनियम के संसद में पारित न होने के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा ने महिलाओं को राजनीतिक प्रतिनिधित्व देने वाले इस विधेयक का विरोध किया, जिससे उसकी “नारी विरोधी” सोच उजागर होती है। प्रधानमंत्री ने कहा कि सपा ने द्रमुक (DMK) के साथ मिलकर इस मुद्दे पर विरोध किया।

उन्होंने आरोप लगाया कि यह पार्टी उत्तर प्रदेश के लोगों का अपमान करती है और सपा संसद में उसके साथ खड़ी नजर आई। प्रधानमंत्री ने सपा पर परिवारवाद, जातिवाद और तुष्टीकरण की राजनीति करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यह दल सत्ता में लौटकर राज्य को पीछे ले जाना चाहता है, इसलिए लोगों को सतर्क रहना चाहिए।

कानून-व्यवस्था में सुधार का दावा

पीएम मोदी ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश अपराध और “जंगलराज” के लिए जाना जाता था, लेकिन अब कानून-व्यवस्था में बड़ा सुधार हुआ है। उन्होंने कहा कि राज्य अब विकास और सुशासन का उदाहरण बन रहा है। उन्होंने आत्मनिर्भर भारत अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि देश वैश्विक चुनौतियों के बीच भी तेजी से आगे बढ़ रहा है। गंगा एक्सप्रेसवे को उन्होंने आधुनिक अवसंरचना और आत्मनिर्भर भारत की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *