CM सैनी ने हरियाणा की जनता को दिया फायदा, DBT से 1884 करोड़ रुपये लाभार्थियों के खातों में भेजे

चंडीगढ़: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने सोमवार को राज्य सरकार ने विभिन्न योजनाओं के लाखों लाभार्थियों के बैंक खातों में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से करीब 1884 करोड़ रुपये की राशि भेजी है। यह राशि एक क्लिक के जरिए सीधे लाभार्थियों के खातों में ट्रांसफर की गई।

सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत भुगतान

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस राशि में वृद्धावस्था सम्मान भत्ता, दिव्यांगजन भत्ता और अन्य सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को भुगतान शामिल है। इसके अलावा दयालु योजना के तहत भी पात्र लोगों के खातों में सहायता राशि भेजी गई है।

किसानों और आढ़तियों को भी मिला लाभ

सीएम सैनी ने कहा कि किसानों को भी इस भुगतान से राहत मिली है। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत फसल नुकसान का मुआवजा किसानों के बैंक खातों में ट्रांसफर किया गया है। इसके साथ ही राज्य के आढ़तियों को सरकार की ओर से दिया जाने वाला अतिरिक्त कमीशन भी उनके खातों में भेजा गया है।

पारदर्शिता और सुशासन पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि DBT प्रणाली के जरिए योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंच रहा है। इससे बिचौलियों की भूमिका खत्म हुई है और भुगतान प्रक्रिया अधिक पारदर्शी बनी है। उन्होंने कहा कि यह कदम राज्य सरकार की पारदर्शिता और सुशासन के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है। सरकार का उद्देश्य है कि जरूरतमंद लोगों तक सरकारी सहायता समयबद्ध तरीके से पहुंचे और उन्हें योजनाओं का पूरा लाभ मिल सके।

सीएम सैनी ने कहा कि डिजिटल माध्यम से भुगतान व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है ताकि सामाजिक सुरक्षा और किसान कल्याण से जुड़ी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *