Ajit Pawar last rites: बारामती (महाराष्ट्र): महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार का गुरुवार को उनके गृह क्षेत्र बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया। अजित पवार पंचतत्व में विलीन हो गए। इस दौरान शोक और सम्मान का ऐसा दृश्य देखने को मिला, जिसने पूरे बारामती को भावुक कर दिया।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम अजित पवार के अंतिम संस्कार की रस्में आज विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड में संपन्न हुईं, जहां उनके दोनों बेटों पार्थ पवार और जय पवार ने उन्हें मुखाग्नि दी। अंतिम विदाई के समय परिवार के सभी सदस्य मौजूद रहे। पत्नी सुनेत्रा पवार गहरे शोक में नजर आईं।
ये बड़े नेता रहे मौजूद
डिप्टी सीएम अजित पवार के अंतिम संस्कार में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी, महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना प्रमुख राज ठाकरे समेत कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुशील कुमार शिंदे भी अपनी बेटी प्रणिति शिंदे के साथ अंतिम संस्कार में शामिल हुए।
जननेता को आखिरी बार देखने के लिए उमड़ी भीड़
अजित पवार के पार्थिव शरीर को पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार स्थल तक ले जाया गया। इस दौरान पुलिस की टुकड़ी ने उन्हें सलामी दी। अंतिम यात्रा में राजनीतिक नेताओं, समर्थकों और आम लोगों की भारी भीड़ शामिल हुई। आखिरी विदाई देने के लिए विद्या प्रतिष्ठान ग्राउंड में हजारों की संख्या में लोग पहुंचे। भीड़ में आम नागरिकों के साथ-साथ पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक भी शामिल थे, जो अपने जननेता को आखिरी बार देखने के लिए उमड़ पड़े।
‘अजीत दादा अमर रहे’ के नारे
आपको बता दें कि जब अजित पवार को मुखाग्नि दी गई, उस समय पूरे परिसर में समर्थकों ने “अजित दादा अमर रहे” के नारे लगाए। यह दृश्य बेहद भावुक था और कई लोगों की आंखें नम हो गईं। बारामती और महाराष्ट्र की राजनीति में अहम भूमिका निभाने वाले अजित पवार को उनके समर्थकों ने एक सच्चे जननेता के रूप में याद किया। अंतिम संस्कार के दौरान हर चेहरे पर दुख और सम्मान साफ झलक रहा था।