कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय को मिली आधुनिक खेल सुविधाएं, मुख्यमंत्री सैनी ने हॉकी एस्ट्रोटर्फ का किया उद्घाटन

(कुरुक्षेत्र): मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के खेल प्रांगण में खेलों इंडिया योजना के तहत निर्मित हॉकी एस्ट्रोटर्फ खेल मैदान का उद्घाटन किया। इस आधुनिक हॉकी मैदान के निर्माण के लिए राज्य सरकार द्वारा लगभग 5.50 करोड़ रुपये का बजट उपलब्ध कराया गया है। इस अवसर पर हरियाणा के खेल मंत्री गौरव गौतम भी मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने और युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हरियाणा ने राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेलों में अपनी विशेष पहचान बनाई है और सरकार खिलाड़ियों को आधुनिक बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।

ऑल वेदर स्वीमिंग पूल का शिलान्यास

इस अवसर पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय परिसर में लगभग 8 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले ऑल वेदर स्वीमिंग पूल परियोजना का भी शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि यह स्वीमिंग पूल खिलाड़ियों और विद्यार्थियों को पूरे वर्ष अभ्यास करने की सुविधा प्रदान करेगा और तैराकी के क्षेत्र में नई प्रतिभाओं को आगे आने का अवसर मिलेगा।

खेलों को करियर के रूप में अपनाने का किया आह्वान

मुख्यमंत्री ने युवाओं से खेलों को केवल शौक नहीं, बल्कि करियर के रूप में अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से न केवल शारीरिक और मानसिक विकास होता है, बल्कि अनुशासन और नेतृत्व के गुण भी विकसित होते हैं। सरकार खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, सुविधाएं और प्रोत्साहन देने के लिए हरसंभव प्रयास कर रही है।

खेल मंत्री ने की सरकार की पहल की सराहना

खेल मंत्री गौरव गौतम ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रदेश में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने के लिए सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों से खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिल रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि इन नई सुविधाओं से हरियाणा के खिलाड़ी भविष्य में और अधिक पदक जीतकर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *