CM Nayab singh Saini मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा में कहा कि 2014 से पहले प्रदेश में हर साल केवल 700 MBBS डॉक्टर और 4 स्पेशलिस्ट डॉक्टर उपलब्ध होते थे। वर्तमान सरकार के कार्यकाल में यह संख्या सालाना 2,500 MBBS डॉक्टर और लगभग 200 स्पेशलिस्ट डॉक्टर तक पहुंच गई है।
अस्पतालों का अपग्रेडेशन
सीएम सैनी ने बताया कि सरकार ने अस्पतालों की बेड क्षमता में बड़ा सुधार किया है। 30 बेड वाले अस्पताल को 50, 50 बेड को 100, 100 बेड को 200 और 200 बेड वाले अस्पताल को 400 बेड तक बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि पहले किसी ने स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर गंभीरता से विचार नहीं किया।
हर जिले में मेडिकल कॉलेज और आधुनिक सुविधाएं
मुख्यमंत्री सैनी ने यह भी बताया कि हर जिले में एक मेडिकल कॉलेज खोलने की प्रक्रिया जारी है। इसके साथ ही हर जिले में ऐसे अस्पताल विकसित किए जा रहे हैं, जहां सभी प्रकार की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि अस्पतालों में केवल इलाज ही नहीं, बल्कि स्वच्छता और साफ-सफाई पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सरकारी प्राथमिकताएं और उद्देश्य
सीएम सैनी ने सदन को बताया कि इन सुधारों का उद्देश्य प्रदेशवासियों को समय पर गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं देना और सभी जिलों में समान स्तर की सुविधाएं सुनिश्चित करना है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सरकार अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों में सुधार लगातार जारी रखेगी। मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश के ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अस्पतालों की गुणवत्ता और डॉक्टरों की उपलब्धता दोनों में सुधार हो। स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार, अस्पतालों का विस्तार और स्वच्छता पर ध्यान देना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।