Vladimir Putin India visit: (नई दिल्ली): रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की दो दिवसीय भारत यात्रा से पहले राष्ट्रीय राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था को अत्यंत कड़ा कर दिया गया है। पुलिस ने बताया कि सुरक्षा कारणों से पुतिन के ठहरने के स्थान का खुलासा नहीं किया गया है।पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, पुतिन के आगमन से लेकर प्रस्थान तक उनकी हर गतिविधि पर कई सुरक्षा एजेंसियां संयुक्त रूप से नजर रखेंगी। एक अधिकारी ने कहा मिनट दर मिनट समन्वय जारी है और सभी एजेंसियों को अधिकतम सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।”
समय-समय पर जारी किया जाएगा यातायात परामर्श
पुलिस ने बताया कि राष्ट्रपति पुतिन की यात्रा के दौरान संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा बढ़ाने के लिए 5,000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया जाएगा। दिल्ली पुलिस के शीर्ष अधिकारी मार्ग सुरक्षा, यातायात प्रबंधन और उन सभी स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा कर रहे हैं, जहां से रूसी राष्ट्रपति का काफिला गुजर सकता है।
एक अन्य अधिकारी ने कहा कि वीवीआईपी आवाजाही के कारण कई मार्गों पर सुरक्षा बढ़ाई गई है और आम नागरिकों को कम से कम असुविधा हो, इसके लिए समय-समय पर यातायात परामर्श जारी किया जाएगा। इसके साथ ही ड्रोन-रोधी प्रणालियों की भी तैनाती की जा रही है।
बहु-स्तरीय सुरक्षा घेरा
दिल्ली पुलिस, केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों और पुतिन की निजी सुरक्षा टीम ने मिलकर एक बहु-स्तरीय सुरक्षा कवच बनाया है। इसमें स्वैट टीमें, आतंकवाद-रोधी इकाइयां,स्नाइपर,त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) जैसी विशेष टीमें संवेदनशील इलाकों में तैनात हैं। इसके अलावा, उन्नत सीसीटीवी नेटवर्क और तकनीकी निगरानी प्रणालियों को भी सक्रिय किया गया है ताकि पुतिन की यात्रा से जुड़े सभी मार्गों और कार्यक्रम स्थलों पर कड़ी निगरानी रखी जा सके।