Bihar Assembly Elections 2025: (नई दिल्ली): भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आगामी बिहार विधानसभा चुनाव के लिए मंगलवार को 71 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की है। इस सूची में पार्टी ने कई प्रमुख चेहरों को शामिल करते हुए चुनावी रण के लिए मैदान में उतारा है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को तारापुर सीट से और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा को लखीसराय सीट से टिकट दिया गया है। यह दोनों नेता राज्य में पार्टी की अगुवाई कर रहे हैं और भाजपा की रणनीति में केंद्रीय भूमिका निभा रहे हैं।
प्रमुख चेहरों को फिर मौका
पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद को कटिहार और राज्य मंत्री रेणु देवी को बेतिया से उम्मीदवार बनाया गया है। राज्य मंत्री नीतीश मिश्रा को एक बार फिर झंझारपुर से चुनाव मैदान में उतारा गया है, जबकि मंगल पांडे को सीवान से टिकट मिला है। इसके अलावा, अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज और चर्चित युवा नेता श्रेयसी सिंह को भाजपा ने फिर से जमुई सीट से उम्मीदवार घोषित किया है। उनकी उम्मीदवारी को युवाओं और महिला मतदाताओं को आकर्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
दो चरणों में होंगे चुनाव
निर्वाचन आयोग के अनुसार, बिहार विधानसभा चुनाव दो चरणों में आयोजित होंगे पहला चरण 6 नवंबर और दूसरा चरण 11 नवंबर को होगा। भाजपा की यह पहली सूची ऐसे समय में आई है जब सभी राजनीतिक दलों ने राज्य में चुनावी तैयारियाँ तेज कर दी हैं। भाजपा नेतृत्व ने यह स्पष्ट संकेत दिया है कि पार्टी अनुभवी नेताओं के साथ-साथ कुछ नए चेहरों को भी मौका देने की रणनीति अपना रही है। इसके तहत क्षेत्रीय संतुलन और सामाजिक समीकरणों का भी पूरा ध्यान रखा गया है।
भाजपा बिहार में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) और अन्य सहयोगियों के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ रही है। आने वाले दिनों में दूसरी सूची जारी होने की संभावना है जिसमें बाकी सीटों पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की जाएगी।