PM मोदी ने दिया बिहार की महिलाओं को बड़ा तोहफ़ा, 75 लाख खातों में भेजे गए 10-10 हजार रुपये

PM Modi gift to women: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने शुक्रवार को बिहार की महत्वाकांक्षी ‘मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ का शुभारंभ करते हुए राज्य की 75 लाख महिलाओं को एक बड़ी सौगात दी। इस योजना के तहत प्रत्येक महिला लाभार्थी के बैंक खाते में 10,000 रुपये की प्रारंभिक राशि सीधे अंतरित की गई।

प्रधानमंत्री ने इस योजना का उद्घाटन दिल्ली से डिजिटल माध्यम के जरिए किया। इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और अन्य मंत्री पटना से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के ज़रिए शामिल हुए। बड़ी संख्या में राज्य की महिलाएं भी ऑनलाइन माध्यम से इस आयोजन से जुड़ीं।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम

राज्य की राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार की इस योजना पर 7,500 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसका उद्देश्य महिलाओं को स्वरोजगार और आजीविका के अवसर प्रदान कर उन्हें आर्थिक रूप से स्वतंत्र बनाना है। एक आधिकारिक बयान में कहा गया, “इस योजना के अंतर्गत प्रत्येक परिवार की एक महिला को उनकी पसंद के कार्य में स्वरोजगार शुरू करने के लिए प्रारंभिक अनुदान दिया जाएगा, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें।”

भविष्य में दो लाख रुपये तक की सहायता

सरकार के अनुसार, शुरुआत में 10,000 रुपये की राशि के बाद, लाभार्थियों को दो लाख रुपये तक की अतिरिक्त वित्तीय सहायता भी दी जा सकती है। यह सहायता कृषि, पशुपालन, हस्तशिल्प, सिलाई, बुनाई और अन्य लघु व्यवसायों में उपयोग की जा सकती है इस पर पूरी तरह लाभार्थी की पसंद निर्भर होगी।

प्रशिक्षण, बाज़ार और सामुदायिक भागीदारी

इस योजना को सामुदायिक भागीदारी मॉडल के तहत लागू किया जाएगा। महिलाओं को सिर्फ आर्थिक सहायता ही नहीं, बल्कि स्वयं सहायता समूहों और सामुदायिक संसाधन व्यक्तियों के माध्यम से प्रशिक्षण भी दिया जाएगा, ताकि वे अपने व्यवसाय में सफल हो सकें। इसके अलावा, महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री को बढ़ावा देने के लिए राज्य में ग्रामीण हाट-बाजारों का विकास भी किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *