CM Saini on Haryana Flood: हरियाणा में हाल ही में हुई भारी बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित किया है। सोमवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि राज्य के विभिन्न हिस्सों में मकान गिरने की घटनाओं में अब तक 12 लोगों की मौत हो चुकी है। यह दुखद घटनाएं मुख्य रूप से फतेहाबाद, भिवानी और कुरुक्षेत्र जिलों में सामने आई हैं।
पीड़ित परिवारों को 48 लाख की आर्थिक सहायता
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि राज्य सरकार ने मृतकों के परिजनों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने का निर्णय लिया है। इस प्रकार कुल 48 लाख रुपये की सहायता राशि जारी की गई है। उन्होंने मीडिया को जानकारी देते हुए कहा कि राज्य सरकार हर प्रभावित परिवार के साथ खड़ी है और हर संभव मदद दी जा रही है।
भिवानी में एक ही परिवार पर टूटा कहर
भिवानी जिले के कलिंगा गांव में सबसे दर्दनाक घटना घटी, जहां एक किराए के मकान की छत ढहने से एक ही परिवार की तीन बच्चियों की मौत हो गई। उस समय पूरा परिवार सो रहा था। हादसे में माता-पिता और एक छोटा बेटा भी घायल हुए हैं। यह घटना बीते सप्ताह भारी बारिश के दौरान हुई।
जनप्रतिनिधियों ने दिया वेतन का योगदान
मुख्यमंत्री ने बताया कि उनके मंत्रिमंडल के सभी मंत्री, बीजेपी के विधायक और सरकार को समर्थन देने वाले तीन निर्दलीय विधायक बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए एक महीने का वेतन दान करेंगे। इसके अलावा, उन्होंने सरकारी कर्मचारियों, सामाजिक संगठनों और औद्योगिक क्षेत्र से जुड़े लोगों से भी राहत कोष में स्वेच्छा से योगदान देने की अपील की है।
पोर्टल से हो रही निगरानी
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि राज्य सरकार भारी बारिश से हुए नुकसान का लगातार मूल्यांकन कर रही है। इसके लिए एक विशेष पोर्टल शुरू किया गया है, जहां से सभी प्रभावित क्षेत्रों की निगरानी की जा रही है। राहत कार्य प्राथमिकता के आधार पर जारी हैं और अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि किसी भी पीड़ित को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
पड़ोसी राज्यों को भी दी मदद
सैनी ने कहा कि हरियाणा सिर्फ अपने राज्य तक सीमित नहीं है, बल्कि पड़ोसी राज्यों जैसे पंजाब, हिमाचल और जम्मू-कश्मीर को भी बाढ़ के समय मदद दी गई है। उन्होंने कहा, “हरियाणा सरकार और यहां की जनता संकट की इस घड़ी में पड़ोसी राज्यों के साथ खड़ी है।”