CM Saini met Punjab CM Bhagwant Mann: (चंडीगढ़): हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने शनिवार को अस्पताल में भर्ती पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। मुख्यमंत्री सैनी ने भगवंत मान के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हुए कहा कि “हम सब उनके जल्द ठीक होने की प्रार्थना कर रहे हैं।”
यह मुलाकात करीब 20 मिनट तक चली, जिसमें दोनों मुख्यमंत्रियों के बीच कई अहम विषयों पर बातचीत हुई। खासतौर पर पंजाब में हाल ही में आई बाढ़ के हालातों को लेकर गंभीर चर्चा की गई।
बाढ़ के हालात पर हुई चर्चा
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि उन्होंने पंजाब में बाढ़ से प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी ली और पंजाब सरकार को हरियाणा की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिया। उन्होंने कहा प्राकृतिक आपदाएं राजनीति का विषय नहीं होतीं। ऐसे समय में एक-दूसरे का साथ देना हमारी जिम्मेदारी है। हरियाणा सरकार और हरियाणावासी इस कठिन समय में पंजाब के साथ मजबूती से खड़े हैं।”
आपदा में साथ चलने का वादा
मुख्यमंत्री सैनी ने यह भी कहा कि चाहे राहत सामग्री हो या प्रशासनिक मदद, हरियाणा पंजाब की मदद के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने दोहराया कि हरियाणा और पंजाब सिर्फ पड़ोसी राज्य नहीं, भावनात्मक रूप से भी जुड़े हुए हैं। उन्होंने यह भी उम्मीद जताई कि पंजाब जल्द इस संकट से उबरेगा और सीएम भगवंत मान भी जल्दी पूरी तरह स्वस्थ होकर अपने कर्तव्यों को फिर से निभाना शुरू करेंगे।