CM Saini flood response: पंजाब और हिमाचल प्रदेश में हाल ही में आई भारी बारिश और बाढ़ से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। ऐसे संकट की घड़ी में हरियाणा सरकार ने मानवीयता और सहयोग की भावना दिखाते हुए दोनों राज्यों को राहत सामग्री भेजने का फैसला लिया है। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने स्वयं इस राहत अभियान की अगुवाई करते हुए ट्रकों को रवाना किया।
मनसा देवी मंदिर में किया दर्शन
मुख्यमंत्री सैनी ने दिन की शुरुआत पंचकूला स्थित माता मनसा देवी मंदिर में दर्शन कर की। उन्होंने मंदिर में माथा टेका और देश तथा प्रदेश की शांति, समृद्धि और सुख-शांति के लिए प्रार्थना की। मंदिर दर्शन के बाद मुख्यमंत्री भाजपा प्रदेश कार्यालय ‘पंच कमल’ पंचकूला पहुंचे, जहां से उन्होंने पंजाब के लिए 15 और हिमाचल प्रदेश के लिए 10 राहत सामग्री की गाड़ियों को रवाना किया। इन गाड़ियों में खाद्य सामग्री, कपड़े, कंबल, दवाइयां और अन्य जरूरी सामान शामिल है।
इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता और हिमाचल भाजपा के अध्यक्ष राजीव बिंदल भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदाओं के समय राजनीतिक मतभेद भुलाकर इंसानियत के आधार पर काम करना चाहिए। उन्होंने कहा, “ऐसे समय में मदद करना हमारा नैतिक कर्तव्य है।”
हरियाणा में भी बाढ़ से नुकसान
मुख्यमंत्री सैनी ने बताया कि हरियाणा के निचले इलाकों में भी बाढ़ ने नुकसान पहुंचाया है। सरकार ने राहत कार्यों को तेज किया है और प्रभावित परिवारों को आर्थिक सहायता दी जा रही है। उन्होंने कहा, “जिन परिवारों के घर बर्बाद हुए हैं या जिनके परिजन हताहत हुए हैं, उन्हें 4 लाख रुपये की फौरी राहत दी गई है। वहीं, घायल लोगों को भी मुआवजा प्रदान किया जा रहा है।”
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे खुद प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं और लोगों से मिलकर उनकी जरूरतों को समझ रहे हैं। सरकार पूरी जिम्मेदारी से इस आपदा का मुकाबला कर रही है। सीएम सैनी ने भरोसा दिलाया कि हरियाणा सरकार न केवल अपने लोगों के साथ है, बल्कि पड़ोसी राज्यों की भी हरसंभव मदद करने को तत्पर है। यह एक सामूहिक प्रयास और सहयोग की मिसाल है, जिसमें इंसानियत को प्राथमिकता दी जा रही है।