जम्मू-कश्मीर के ऊधमपुर में दर्दनाक हादसा, नाले में सेना का वाहन गिरने से 3 जवान शहीद

Udhampur Tragedy

Army Vehicle Accident Udhampur: जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में गुरुवार को हुए एक भीषण हादसे में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के तीन जवान शहीद हो गए और 15 अन्य घायल हो गए। यह हादसा उस समय हुआ जब सीआरपीएफ का एक बंकर वाहन सड़क से फिसलकर नाले में गिर गया।

23 जवान थे सवार

हादसा बृहस्पतिवार को सुबह करीब 10:30 बजे जिले के कडवा इलाके में हुआ। सीआरपीएफ की 187वीं बटालियन के जवान बसंतगढ़ में अभियान पूरा कर लौट रहे थे। वाहन में कुल 23 जवान सवार थे। दो जवानों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि घायलों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां एक और जवान ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

उपराज्यपाल ने जताया शोक

जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा और केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी। उपराज्यपाल सिन्हा ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, “हमें राष्ट्र के प्रति उनकी अनुकरणीय सेवा को कभी नहीं भूलना चाहिए। मेरी संवेदनाएं शोक-संतप्त परिवारों के साथ हैं और मैं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करता हूं। वरिष्ठ अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि घायल जवानों को उत्कृष्ट चिकित्सा सुविधा और हरसंभव सहायता दी जाए।”

स्थानीय लोगों ने की मदद

केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने भी हादसे पर शोक जताते हुए बताया कि उन्होंने उधमपुर की उपायुक्त सलोनी राय से बात की है, जो स्वयं स्थिति की निगरानी कर रही हैं। मंत्री ने कहा, “वाहन में सीआरपीएफ के कई बहादुर जवान सवार थे। हादसे के तुरंत बाद बचाव कार्य शुरू कर दिया गया और स्थानीय लोग भी मदद के लिए आगे आए। सभी घायलों को हरसंभव सहायता दी जा रही है। अधिकारियों ने हादसे के कारणों की प्राथमिक जांच शुरू कर दी है। आशंका है कि फिसलन भरी सड़क और तेज मोड़ के कारण वाहन संतुलन खो बैठा। घायल जवानों का इलाज उधमपुर के अस्पताल में चल रहा है। कुछ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।

देश के लिए जीवन हुआ बलिदान

यह हादसा एक बार फिर यह याद दिलाता है कि कठिन और जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में तैनात सुरक्षा बलों के जवान, देश की सुरक्षा के लिए निरंतर सेवा में लगे रहते हैं। देश की रक्षा में ड्यूटी के दौरान ही जवानों के साथ यह दुर्घटना हो गई। देश उन्हें हमेशा याद रखेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *