Vice President Election: उपराष्ट्रपति पद के लिए चुनाव 9 सितंबर को होगा। निर्वाचन आयोग ने शुक्रवार को इसकी घोषणा कर दी है। अधिसूचना 7 अगस्त को जारी की जाएगी। इसके लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की अंतिम तारीख 21 अगस्त निर्धारित की गई है।
उम्मीदवार 21 अगस्त तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं, जबकि नामांकन पत्रों की जांच 22 अगस्त को की जाएगी। नाम वापस लेने की अंतिम तारीख 24 अगस्त रखी गई है। मतदान और मतगणना दोनों 9 सितंबर को ही कराए जाएंगे। उसी दिन चुनाव परिणाम भी घोषित कर दिया जाएगा।
जगदीप धनखड़ के इस्तीफे के बाद खाली हुआ पद
यह चुनाव उपराष्ट्रपति पद रिक्त होने के चलते कराना आवश्यक हो गया है। 22 जुलाई को निवर्तमान उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। इसके बाद से यह पद खाली है। आयोग ने स्पष्ट किया कि चुनाव की सारी प्रक्रिया संविधान के अनुच्छेद 66 और प्रतिनिधित्व अधिनियम 1951 के तहत पूरी की जाएगी।
कैसे होता है उपराष्ट्रपति का चुनाव
उपराष्ट्रपति का चुनाव लोकसभा और राज्यसभा के सदस्य, यानी संसद के दोनों सदनों के निर्वाचित सदस्य मिलकर करते हैं। यह मतदान गोपनीय और एकल संक्रमणीय वोटिंग सिस्टम से होता है। आयोग ने यह भी बताया कि चुनाव की निगरानी और निष्पक्षता के लिए समुचित प्रशासनिक और सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। इस प्रकार भारत के नये उपराष्ट्रपति को चुनने की प्रक्रिया अब औपचारिक रूप से आरंभ हो चुकी है।