Manohar Khattar launched ADEETIE scheme:(पानीपत): केंद्रीय विद्युत और शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आज हरियाणा के पानीपत में ADEETIE (Assistance in Deploying Energy Efficient Technologies in Industries and Establishments) योजना का शुभारंभ किया। इस अवसर पर हरियाणा सरकार के कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार भी मौजूद रहे।
इस योजना का उद्देश्य भारत के सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों (MSMEs) को ऊर्जा कुशल तकनीकों को अपनाने के लिए वित्तीय व तकनीकी सहायता प्रदान करना है, जिससे औद्योगिक इकाइयों की लागत में कमी आए और पर्यावरणीय स्थिरता को बढ़ावा मिले।
क्या है इस योजना की खासियत
ब्याज सब्सिडी: माइक्रो और स्मॉल उद्यमों के लिए 5%, तथा मीडियम उद्यमों के लिए 3% ब्याज सब्सिडी प्रदान की जाएगी।
इंवेस्टमेंट ग्रेड ऊर्जा ऑडिट (IGEA): ऊर्जा खपत और सुधार की संभावनाओं का वैज्ञानिक मूल्यांकन।
विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR): योजना के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु तकनीकी सहायता।
मॉनिटरिंग और वेरिफिकेशन (M&V): परियोजनाओं की वास्तविक निगरानी और मूल्यांकन।
मनोहर लाल खट्टर ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत सतत विकास और ऊर्जा संरक्षण की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। ADEETIE योजना MSMEs को स्मार्ट और टिकाऊ तकनीकों की ओर ले जाएगी। यह न केवल पर्यावरण को लाभ पहुंचाएगी, बल्कि औद्योगिक प्रतिस्पर्धा भी बढ़ाएगी।”
हरियाणा के कैबिनेट मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने कहा कि राज्य सरकार केंद्र की इस पहल को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है, जिससे हरियाणा के MSMEs को अधिक से अधिक लाभ मिल सके।
हरित भारत की दिशा में ठोस कदम
ADEETIE योजना ऊर्जा दक्षता को बढ़ावा देते हुए औद्योगिक क्षेत्र में हरित तकनीकों को अपनाने का एक बड़ा माध्यम बनेगी। यह योजना आत्मनिर्भर भारत के विज़न को भी मजबूती देगी और MSMEs को वैश्विक प्रतिस्पर्धा में सशक्त बनाएगी।