Delhi Chunav 2025: दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (आप) के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने एक और बड़ा ऐलान किया है। केजरीवाल का कहना है कि राजधानी में रहने वाले किराएदारों को बिजली और पानी मुफ्त दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद इस योजना पर मुहर लगाई जाएगी।
आप ने दिल्ली पुलिस पर कथित तौर पर अरविंद केजरीवाल से जुड़ी एक डॉक्यूमेंट्री चलाने पर रोक लगाने का दावा किया है। आप का कहना है कि बीजेपी के कहने पर दिल्ली पुलिस ने डॉक्यूमेंट्री अनब्रेकेबल की स्क्रीनिंग पर रोक लगाई है। यह डॉक्यूमेंट्री अनब्रेकेबल आप नेताओं के जेल जाने को लेकर बनी है। आज सुबह 11:30 बजे प्यारे लाल भवन (आईटीओ) में डॉक्यूमेंट्री की स्क्रीनिंग होनी थी।
केजरीवाल ने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि बीजेपी की साजिशों और षड्यंत्रों का पर्दाफाश करने के लिए स्क्रीनिंग रखी गई थी। इस स्क्रीनिंग में बीजेपी की चाल का पता चल जाएगा कि किस से आप नेताओं को फर्जी तरीके से जेल भेजा गया था। यह स्क्रीनिंग निजी थी। इसका चुनाव से किसी तरह से कोई संबंध नहीं था, लेकिन बीजेपी ने पुलिस को भेजकर इस स्क्रीनिंग को रोक दिया गया।
इससे पहले आम आदमी पार्टी चुनाव को लेकर कई वादे कर चुकी हैं। महिला सम्मान योजना के तहत महिलाओं के लिए पहले हर महीने 2100 रुपए देने का वादा किया है। महिलाओं को डीटीसी की बसों में मुफ्त यात्रा जारी रखने की बात भी कही गई है। इसके अलावा बुजुर्गों का मुफ्त इलाज के लिए घोषणा की गई थी।
आप ने इस क्षेत्र में संजीवनी योजना का एलान किया है। हालांकि, इसके तहत अभी फिलहाल बुजुर्गों को ही मुफ्त इलाज का लाभ देने का प्रावधान रखा गया है। संजीवनी योजना के अंतर्गत दिल्ली में 60 वर्ष से अधिक के बुजुर्गों के इलाज के लिए खर्च की सीमा को तय नहीं की गई है। इलाज के दौरान जितना खर्चा होगा, वह पूरा खर्च सरकार वहन करेगी।