Pilibhit Terror Encounter: पंजाब के गुरदासपुर में पुलिस चौकी पर हमला करने वाले तीन आतंकियों को मुठभेड़ में ढेर कर दिया गया। तीनों आतंकी खालिस्तानी कमांडो फोर्स के बताए जा रहे हैं। यह गुरदासपुर के निवासी बताए जा रहे हैं। बता दें कि, मुठभेड़ उत्तर प्रदेश के जिले पीलीभीत में हुई। इस दौरान मुठभेड़ में आतंकियों की गोली लगने से तीन सिपाही भी घायल हुए हैं और तीनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सोमवार सुबह पुलिस अधीक्षक अविनाश पांडेय ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि राजकीय मेडिकल कॉलेज के इमरजेंसी वार्ड के बाहर यह घटनाक्रम हुआ हैं। तीनों आतंकियों को ढेर कर दिया गया। यह खालिस्तानी कमांडो फोर्स संगठन के लिए कुख्यात गतिविधियों में संलिप्त थे। बीते दिनों पंजाब में इन्होंने पुलिस चौकी को निशाना बनाया था।
एसपी ने बताया, कि सुबह करीब चार बजे पूरनपुर में खमरिया तिराहा पर तैनात पिकेट के पुलिसकर्मियों को सूचना मिली कि बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवक उधर से गुजरने वाले हैं। दूसरी ओर पंजाब की पुलिस को पता चला था कि गुरुदासपुर में पुलिस चौकी पर हमला करने वाले तीन आतंकी पीलीभीत जिले में पहुंच गए हैं।
पुलिस फोर्स पर की फायरिंग
पंजाब पुलिस पहले से ही यहां आकर उनकी तलाश कर रही थी। इसी दौरान तीन युवक बाइक पर सवार होकर खमरिया तिराहे से गुजरे तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। पर आतंकियों ने अपनी बाइक तेज गति से दौड़ा दी। इसके बाद पुलिस फोर्स पर फायरिंग कर दी।
पुलिसकर्मियों ने अधिकारियों को सूचना देने के साथ ही बाइक का पीछा करना शुरू कर दिया। बाइक सवार पीलीभीत-पूरनपुर रोड पर हरदोई ब्रांच के पुराने पुल से होकर नहर पटरी की तरफ भागने लगे। इसी बीच एसपी के निर्देश पर भारी पुलिस फोर्स मौके पर जा पहुंची। गुरुदासपुर जिले की पुलिस भी पीछा करते हुए पहुंची। अपने को घिरता देखकर आतंकी फायरिंग करने लगे। इसके बाद पुलिस फोर्स ने आतंकियों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया।