हरिद्वार से सोमनाथ-द्वारका की राह आसान, रेलवे ने शुरू की 2 नई ट्रेनें; गरीब रथ का भी विस्तार

हरिद्वार आने-जाने वाले यात्रियों और धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं के लिए रेलवे ने बड़ी सुविधा दी है। रेल मंत्रालय ने हरिद्वार से गुजरात के वेरावल (सोमनाथ) और ओखा (द्वारका) के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने के साथ ही बांद्रा टर्मिनस-दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस का हरिद्वार तक विस्तार करने को मंजूरी दी है। तीनों ट्रेनों के संचालन से उत्तराखंड, महाराष्ट्र और गुजरात के बीच सीधा रेल संपर्क मजबूत होगा।

रेलवे के इस फैसले के बाद मुंबई से हरिद्वार जाने वाले यात्रियों को दिल्ली में ट्रेन बदलने की जरूरत कम होगी 12216/12215 बांद्रा टर्मिनस-दिल्ली सराय रोहिल्ला गरीब रथ एक्सप्रेस अब हरिद्वार तक चलेगी। इससे यात्रियों को किफायती एसी ट्रेन की सुविधा मिलेगी और महाराष्ट्र से हरिद्वार की यात्रा आसान होगी।

सोमनाथ के लिए हरिद्वार से सीधी ट्रेन

हरिद्वार से वेरावल के लिए 14326/14325 हरिद्वार-वेरावल एक्सप्रेस चलेगी। वेरावल पहुंचकर यात्री सोमनाथ ज्योतिर्लिंग के दर्शन कर सकेंगे। यह ट्रेन बुधवार और रविवार को सुबह 4 बजे हरिद्वार से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 8:15 बजे वेरावल पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन गुरुवार और सोमवार को सुबह 11:05 बजे वेरावल से चलेगी और अगले दिन शाम 6 बजे हरिद्वार पहुंचेगी।

द्वारका जाने वालों को भी सीधी रेल सुविधा

रेलवे ने 14328/14327 हरिद्वार-ओखा एक्सप्रेस को भी मंजूरी दी है। यह ट्रेन हर शुक्रवार सुबह 4 बजे हरिद्वार से रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:15 बजे ओखा पहुंचेगी। वापसी में ओखा से शनिवार को ट्रेन चलेगी। इससे द्वारका जाने वाले यात्रियों को सीधी रेल सेवा मिलेगी।

नई ट्रेनों से श्रद्धालुओं के साथ पर्यटकों, कारोबारियों और छात्रों को भी फायदा होने की उम्मीद है। यात्रियों की सुविधा के लिए दिल्ली, जयपुर, अजमेर और राजकोट जैसे प्रमुख स्टेशनों पर सफाई और पानी भरने की विशेष व्यवस्था की गई है। रेलवे की इस नई कनेक्टिविटी से हरिद्वार, सोमनाथ और द्वारका जैसे प्रमुख धार्मिक स्थलों की यात्रा आसान होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *